राष्ट्रीय
07-Jun-2026
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। केंद्र सरकार ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के लिए ‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’ यानी स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग को केंद्रीय विषय बनाने का निर्णय लिया है। केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने कहा कि दुनिया तेजी से वृद्ध होती आबादी और जीवनशैली संबंधी बीमारियों की चुनौती का सामना कर रही है, ऐसे में योग एक प्रभावी और सुलभ समाधान प्रदान करता है। केंद्रीय आयुष मंत्री जाधव ने योग दिवस संबंधी जानकारी साझा करते हुए बताया कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य राष्ट्रीय कार्यक्रम कोलकाता में आयोजित किया जाएगा। मंत्री ने कहा है, कि अब केवल जीवन प्रत्याशा बढ़ाने पर नहीं, बल्कि स्वस्थ, सक्रिय और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने पर ध्यान देना आवश्यक है। केंद्रीय मंत्री जाधव ने इस अवसर पर कहा, कि योग शारीरिक चुस्ती, मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक संतुलन और समग्र कल्याण को बढ़ावा देता है। उन्होंने बुजुर्ग नागरिकों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील भी की। गौरतलब है कि आयुष मंत्रालय इस वर्ष जागरूकता अभियानों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और ‘योग 365’ पहल के माध्यम से योग को जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी कर रहा है। हिदायत/ईएमएस 07जून26