क्षेत्रीय
07-Jun-2026
...


- शनिचरी मंडी में 15 दुकानें खाक - बुधवारी के बाद अब शनिचरी सब्जी मंडी में भडक़ी भीषण आग, संकरी गलियों में दमकल की गाडयि़ों को मशक्कत - 300 घरों की बिजली बहाल करने के चक्कर में जल गईं 15 दुकानें, जांच जारी बिलासपुर (ईएमएस)। न्यायधानी बिलासपुर के प्रमुख और सबसे व्यस्त बाजारों में सुरक्षा और बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आ रही है। शहर में 24 घंटे के भीतर आगजनी की यह दूसरी बड़ी वारदात है। गुरुवार रात बुधवारी बाजार में लगी आग की लपटें अभी शांत भी नहीं हुई थीं कि शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे शनिचरी सब्जी मंडी में भीषण आग लग गई। इस हादसे में देखते ही देखते 15 दुकानें जलकर खाक हो गईं, जिससे व्यापारियों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। इस पूरी घटना के पीछे बिजली विभाग की एक ऐसी लापरवाही सामने आई है, जिसने स्थानीय व्यापारियों में गुस्सा है। दुकानों के शटर पर फैला था करंट शनिचरी बाजार के व्यापारियों और प्रत्यक्षदर्शियों ने जो खुलासा किया है, वह बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। बताया जा रहा कि, शुक्रवार की शाम को ही कुछ दुकानदारों ने अपने लोहे के शटर में करंट आने की शिकायत की थी। खतरा भांपते हुए व्यापारी दुकानें बंद कर घर चले गए। लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ और इन्ही दुकानों में बाद में आग लग गई। 300 घरों की बत्ती हुई गुल बताया जा रहा कि, करंट फैलने की शिकायत पर बिजली विभाग ने एहतियातन पूरे क्षेत्र की बिजली काट दी। इसके चलते आसपास के करीब 250 से 300 घरों में अंधेरा छा गया। जब आक्रोशित रहवासी बिजली दफ्तर पहुंचे, तो उन्हें करंट की बात बताई गई। इस पर लोगों ने सीधा और सुरक्षित सुझाव दिया कि जिन 4-5 दुकानों के शटर में करंट है, सिर्फ उनका कनेक्शन काट दीजिए और बाकी पूरे इलाके की सप्लाई चालू कर दीजिए। मौके पर मौजूद बिजली कर्मचारी इस बात पर नहीं माने। मामला जब विभाग के उच्च अधिकारियों के संज्ञान में आया, तो उन्होंने भी निर्देश दिए कि करंट प्रभावित दुकानों का कनेक्शन काटकर शेष जगह की सप्लाई बहाल की जाए। लेकिन, मैदानी कर्मचारियों ने शॉर्ट सर्किट वाले दुकानों का कनेक्शन काटने की जहमत नहीं उठाई और सीधे पूरे क्षेत्र की सप्लाई चालू कर दी। जैसे ही बिजली चालू हुई, करंट वाली दुकानों में कुछ देर बाद आग लग गई। रात करीब 2 बजे चिंगारी भडक़ी और कुछ ही मिनटों में 15 दुकानें आग की लपटों से घिर गईं। संकरी गलियां और कपड़े की छावनी ने दमकल कर्मियों को किया परेशान शनिचरी सब्जी मंडी शहर का सबसे सघन और व्यस्त इलाका है। यहा दुकानें एक-दूसरे से बिल्कुल सटी हुई हैं और धूप-पानी से बचने के लिए दुकानों के सामने कपड़े व तिरपाल की छावनियां लगी हुई थीं। कपड़ों की इन छावनियों ने घी का काम किया और आग तेजी से एक दुकान से दूसरी दुकान में फैलती चली गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। संकरी गलियों के कारण दमकल की बड़ी गाडयि़ों को अंदर घुसने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। फायर ब्रिगेड की टीम ने सूझबूझ दिखाते हुए बाजार के दोनों छोरों से मोर्चा संभाला। स्थानीय दुकानदारों ने भी रातभर जागकर दमकल कर्मियों की मदद की। करीब दो घंटे की भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक 15 व्यापारियों की मेहनत की कमाई राख में तब्दील हो चुकी थी। पीडि़त पीडि़त व्यापारी सुबह तक मौके पर डटे रहे और अपनी आंखों के सामने बर्बादी का मंजर देखते रहे। 24 घंटे पहले बुधवारी बाजार में भी हुआ था तांडव गौरतलब है कि बिलासपुर के बाजारों में आगजनी का यह लगातार दूसरा मामला है। ठीक एक दिन पहले यानी गुरुवार की रात को शहर के बुधवारी बाजार में एक साइकिल दुकान से आग भडक़ी थी, जिसने तीन अन्य दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया था। वहां भी दमकल कर्मियों ने संकरी गलियों के बीच किसी तरह जान जोखिम में डालकर आग बुझाई थी। - 07 जून 2026