07-Jun-2026
...


- एपीके फाइल भेजकर 22 लोगों से 31.43 लाख रुपये की ठगी ठाणे, (ईएमएस)। मुंबई से सटे ठाणे जिले में साइबर ठगों ने गैस बिल अपडेट करने के नाम पर एक बड़े ऑनलाइन फ्रॉड को अंजाम दिया है। इस मामले में 60 वर्षीय एक सेवानिवृत्त व्यक्ति समेत कुल 22 लोगों से 31.43 लाख रुपये की ठगी किए जाने का खुलासा हुआ है। पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, कल्याण के खड़कपाड़ा इलाके में रहने वाले 60 वर्षीय रिटायर्ड व्यक्ति को 30 मई को व्हाट्सएप पर एक संदेश मिला। संदेश भेजने वाले ने खुद को दिवेश जोशी बताया और दावा किया कि गैस कंपनी का बिल अपडेट करना जरूरी है। आरोपी ने पीड़ित को Mahanagar Gas bill update http://Online.apk नाम की एक एपीके फाइल भेजी और उसे डाउनलोड करने के लिए कहा। इसके बाद उसने बिल अपडेट प्रक्रिया पूरी करने के लिए केवल 10 रुपये का भुगतान डेबिट कार्ड से करने को कहा। जब पहली बार भुगतान सफल नहीं हुआ, तो आरोपी ने पीड़ित को दूसरा डेबिट कार्ड इस्तेमाल करने की सलाह दी। इसके कुछ ही समय बाद पीड़ित के मोबाइल पर लगातार ओटीपी (ओटीपी) आने लगे और उसके दो बैंक खातों से छह अलग-अलग लेन-देन के जरिए 8.68 लाख रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित को तब पता चला कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुका है। - 21 अन्य लोग भी बने शिकार जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इसी तरह की एपीके फाइल और फर्जी संदेश भेजकर 21 अन्य लोगों को भी ठगा गया है। इन लोगों से कुल 22.74 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। इस प्रकार सभी पीड़ितों से ठगी गई राशि बढ़कर 31.43 लाख रुपये तक पहुंच गई है। बहहाल खड़कपाड़ा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318 (4) (धोखाधड़ी) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब मोबाइल नंबरों, बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजैक्शन की जांच कर आरोपियों का पता लगाने में जुटी हुई है। - कैसे काम करता है एपीके फ्रॉड? साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, एपीके फाइलें एंड्रॉयड ऐप इंस्टॉलेशन फाइलें होती हैं। ठग इन्हें किसी वैध कंपनी या सेवा के नाम पर भेजते हैं। जैसे ही कोई व्यक्ति फाइल डाउनलोड और इंस्टॉल करता है, उसके मोबाइल तक ठगों की पहुंच बन सकती है। इसके बाद आरोपी बैंकिंग ऐप, ओटीपी, कार्ड विवरण और अन्य संवेदनशील जानकारी हासिल कर खातों से पैसे निकाल लेते हैं। - पुलिस की अपील पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजी गई एपीके फाइल, लिंक या ऐप को डाउनलोड न करें। गैस, बिजली, बैंक या किसी अन्य सेवा से संबंधित भुगतान या अपडेट हमेशा संबंधित कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत ऐप के माध्यम से ही करें। किसी भी संदिग्ध संदेश या कॉल की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन या पुलिस को दें। - ०६ जून/२०२६/ईएमएस