क्षेत्रीय
07-Jun-2026
...


कोरबा (ईएमएस)। कोरबा-चांपा सड़क मार्ग अंतर्गत उरगा थाना क्षेत्र स्थित आस्था स्थल मड़वारानी पहाड़ पर एक युवक का शव पेड़ से फंदे पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान ग्राम जर्वे निवासी 32 वर्षीय सिमरन कुमार सांडे के रूप में की गयी है। परिजनों के अनुसार, वह शनिवार शाम लगभग 7 बजे अपनी बाइक लेकर घर से निकला था, लेकिन रातभर वापस नहीं लौटा। रविवार 7 जून को सुबह आस्था स्थल मड़वारानी पहाड़ स्थित मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने एक पेड़ पर युवक का शव फंदे से लटका देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। घटना स्थल के पास ही मृतक की बाइक भी खड़ी मिली। सूचना मिलने पर उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। जानकारी के अनुसार परिवार ने पुलिस के समक्ष पारिवारिक कलह की बात स्वीकार की है। हालांकि वास्तविक वजह का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं। - 07 जून