बिलासपुर (ईएमएस)। नगर निगम प्रशासन द्वारा सिरगिट्टी में आयोजित सुशासन तिहार शिविर के दौरान शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिफरा-सिरगिट्टी के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने शिविर में मौजूद अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सामने विभिन्न जनसमस्याओं को उठाते हुए विरोध दर्ज कराया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी निर्मित हो गई। जानकारी के अनुसार, शिविर में नागरिक अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत कर रहे थे। इसी दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू और सिरगिट्टी मंडल कांग्रेस अध्यक्ष अजय मनहरे के नेतृत्व में कार्यकर्ता शिविर स्थल पहुंचे। कांग्रेसियों ने सरकार पर मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कार्यक्रम का विरोध किया और नारेबाजी शुरू कर दी। शिविर में कांग्रेसी करने लगे प्रदर्शन शिविर में बिगड़ती स्थिति को देखते हुए मौके पर मौजूद पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। हालांकि, पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए कार्यक्रम को आगे बढ़ाया। मूलभूत समस्याओं को दूर नहीं करने का आरोप क्षेत्रीय विधायक धरमलाल कौशिक के शिविर स्थल पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनसे भी क्षेत्र की समस्याओं को लेकर सवाल उठाने का प्रयास किया। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखते हुए प्रदर्शनकारियों को आगे बढऩे से रोक दिया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि क्षेत्र में बिजली, पानी, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं बनी हुई हैं, जबकि सरकार सुशासन के दावे कर रही है। - 07 जून 2026