- ओडिशा की कंपनी के डायरेक्टर समेत दो पर अपराध दर्ज - जीरो पर एफआईआर दर्ज, केस डायरी बिलासपुर ट्रांसफर, सरकंडा क्षेत्र का मामला बिलासपुर (ईएमएस)। ऑटोमोटिव इंजन ऑयल और ग्रीस का स्टॉकिस्ट बनाने तथा कंपनी में चैनल पार्टनर बनाकर मुनाफे में हिस्सेदारी देने का झांसा देकर 10 लाख रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने ओडिशा स्थित एक निजी कंपनी के डायरेक्टर और उसके सहयोगी के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार अशोक विहार फेस-2, साइंस कॉलेज रोड निवासी 63 वर्षीय राजेंद्र कुमार देवांगन ने शिकायत दर्ज कराई है कि वर्ष 2020 में ओडिशा की इसेन्वेल्थ स्टोर्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के डायरेक्टर सुशील कपूर और उसके सहयोगी यश नारायण शर्मा उनसे मिले थे। दोनों ने उन्हें कंपनी का मिनी स्टॉकिस्ट और चैनल पार्टनर बनाने का प्रस्ताव दिया था। आरोपियों ने दावा किया था कि कंपनी के ऑटोमोटिव इंजन ऑयल और ग्रीस के कारोबार में निवेश करने पर उन्हें स्टॉकिस्ट बनाया जाएगा तथा कंपनी की आय में 50 प्रतिशत तक की हिस्सेदारी दी जाएगी। इसके लिए उन्होंने पहले चार लाख रुपए की मांग की। आरोपियों की बातों में आकर राजेंद्र देवांगन ने अलग-अलग किस्तों में नकद और बैंकिंग माध्यम से राशि जमा कर दी। - बाद में मांगे और 6 लाख रुपए शिकायत के मुताबिक प्रारंभिक राशि लेने के बाद भी जब उन्हें स्टॉकिस्ट नहीं बनाया गया तो उन्होंने आरोपियों से संपर्क किया। इस दौरान आरोपियों ने प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर छह लाख रुपए और जमा करने को कहा। प्रार्थी ने कुल 10 लाख रुपए आरोपियों के बताए खाते में जमा कर दिए। इसके बावजूद न तो उन्हें कंपनी का स्टॉकिस्ट बनाया गया और न ही किसी प्रकार की साझेदारी या लाभांश दिया गया। बाद में आरोपी लगातार टालमटोल करते रहे और संपर्क करना भी बंद कर दिया। आरोप है कि मोबाइल नंबर बंद कर दिए गए और शिकायतकर्ता का नंबर ब्लॉक कर दिया गया। - कानूनी नोटिस का भी नहीं मिला जवाब राजेंद्र देवांगन ने पुलिस को बताया कि उन्होंने आरोपियों को जुलाई 2025 में विधिक नोटिस भी भेजा था, लेकिन उसका कोई जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। मामला ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित शहीद नगर थाना पहुंचा, जहां जीरो पर एफआईआर दर्ज की गई। जांच में घटनास्थल बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र का पाए जाने पर मामला विधिवत कार्रवाई के लिए सरकंडा थाना भेजा गया। भुवनेश्वर के शहीद नगर थाने में दर्ज जीरो एफआईआर और दस्तावेजों के आधार पर सरकंडा थाना में आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है। - 07 जून 2026