- आईटीएमएस, पॉस मशीन व बॉडी वार्न कैमरा के उपयोग का दिया गया प्रशिक्षण बिलासपुर (ईएमएस)। सडक़ सुरक्षा को लेकर बिलासपुर पुलिस अब और अधिक सख्ती बरतने की तैयारी में है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने यातायात टैंगो और विभिन्न थानों के विवेचकों की विशेष बैठक ली। बैठक में आधुनिक तकनीकी संसाधनों के उपयोग और चालानी कार्रवाई को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। बैठक में यातायात प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को आईटीएमएस (इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम), नेक्स्ट जेन एम परिवहन, पीओएस मशीन और बॉडी वार्न कैमरा के अत्याधुनिक संस्करणों की जानकारी दी गई। साथ ही इन तकनीकों के बेहतर उपयोग के संबंध में विशेष प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में आयोजित इस बैठक में सडक़ सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को बताया गया कि तकनीक के बेहतर उपयोग से यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और उल्लंघनकर्ताओं पर त्वरित कार्रवाई करने में मदद मिलेगी। सडक़ सुरक्षा के लिए लगातार चल रहे अभियान यातायात पुलिस के अनुसार शहर में सरल, सुगम और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत ट्रैफिक एजुकेशन, ट्रैफिक इंजीनियरिंग, ट्रैफिक एनफोर्समेंट और ट्रैफिक इमरजेंसी सर्विस जैसे विभिन्न आयामों पर अभियान चलाए जा रहे हैं। साथ ही सडक़ दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि कई बार वाहन चालक स्वयं की और अन्य लोगों की सुरक्षा को नजरअंदाज करते हुए नियमों का उल्लंघन करते हैं, जिससे सडक़ हादसों की आशंका बढ़ जाती है। इसे देखते हुए नियमित रूप से चेकिंग अभियान चलाकर लापरवाह वाहन चालकों पर कार्रवाई की जा रही है। इन उल्लंघनों पर रहेगी विशेष नजर यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब पीकर वाहन चलाने, तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने, निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन चलाने, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाने, मालवाहक वाहनों में यात्रियों को बैठाने, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, सिग्नल जंपिंग, नो-पार्किंग, मॉडिफाइड साइलेंसर और नो-एंट्री उल्लंघन जैसे मामलों में सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी। नागरिकों से की अपील यातायात पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से सडक़ सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य रूप से करें। नशे की हालत में वाहन न चलाएं, निर्धारित लेन में चलें और गति सीमा का पालन करें। साथ ही ऐसा कोई कार्य न करें जिससे सडक़ पर अन्य लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़े। - 07 जून 2026