-बंगाल में टीएमसी नेताओं की फजीहत वाले वीडियो वायरल कोलकाता,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के कुछ नेताओं के खिलाफ जन आक्रोश के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इन घटनाओं ने राज्य की राजनीतिक हलचल को और बढ़ा दिया है। कोलकाता में गिरफ्तार टीएमसी पार्षद बप्पादित्य दासगुप्ता को अदालत ले जाते समय लोगों ने उनकी गाड़ी पर अंडे फेंके और विरोध प्रदर्शन किया। दासगुप्ता पर कथित रूप से रंगदारी, धमकी और अन्य गंभीर आरोप लगाए गए हैं। वहीं हावड़ा जिले के एक गांव में ग्रामीणों ने स्थानीय टीएमसी नेता सन्यासी मन्ना पर सरकारी योजनाओं के लाभ के बदले पैसे लेने का आरोप लगाया। नाराज ग्रामीणों ने उनका सिर मुंडवाकर जूतों की माला पहनाई और गांव में घुमाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें भीड़ से बाहर निकाला। इसके अलावा एक अन्य वायरल वीडियो में एक नेता को पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए कपड़ों के ढेर में छिपा दिखाए जाने का दावा किया गया है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि ईएमएस एजेंसी नहीं करती है। बहरहाल पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों और घटनाओं की जांच की जा रही है। हिदायत/ईएमएस 07जून26