देवास(ईएमएस)। पुलिस और वन विभाग ने जिले के पीपलरावां क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से परिवहन की जा रही करीब 10 टन लकड़ी से भरा एक ट्रक पकड़ा है। जब्त लकड़ी की कीमत एक लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। चालक के पास परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर ट्रक को जब्त कर वन विभाग के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि भूतेश्वर क्षेत्र से एक ट्रक में अवैध रूप से लकड़ी इंदौर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर डायल-112 वाहन में तैनात आरक्षक राजेंद्र और उनकी टीम ने मुण्डलवादा फाटे के पास ट्रक को रोककर जांच की। जांच के दौरान चालक अरविंद गिरी निवासी शुजालपुर से लकड़ी परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने वन विभाग को सूचना दी। डिप्टी रेंजर हेमराज गोखले ने बताया कि ट्रक भूतेश्वर क्षेत्र से इंदौर की ओर जा रहा था। वाहन में करीब 10 टन लकड़ी भरी हुई थी, जिसकी कीमत एक लाख रुपए से अधिक आंकी गई है। वन विभाग की टीम ने मौके पर पंचनामा तैयार कर प्रकरण दर्ज किया। कार्रवाई के दौरान डिप्टी रेंजर हेमराज गोखले, मनोज मंडलोई, अंकित खत्री और अंकित मालवीय मौजूद रहे। जब्त ट्रक को बालगढ़ डिपो में खड़ा कराया गया है। वन विभाग मामले में लकड़ी के स्रोत और परिवहन से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रहा है। प्रकरण में आगे की कार्रवाई जारी है। चौहान / 07 जून, 2026