- दूसरे दिन शनिवार को भी दिनभर चली कार्यवाही कटनी (ईएमएस) । आगामी वर्षा ऋतु के दौरान जर्जर भवनों से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निगम प्रशासन द्वारा शुक्रवार को महात्मा गांधी वार्ड अंतर्गत घंटाघर क्षेत्र स्थित वर्मा गली में लंबे समय से जर्जर एवं जोखिम पूर्ण अवस्था में खड़े भवन को चरणबद्ध कार्रवाई करते हुए शनिवार को उक्त जर्जर भवन को पूर्णतः ध्वस्त किया जाकर सुगम आवागमन व्यवस्था हेतु स्थल, मार्ग से मलबा हटाने की कार्यवाही प्रचलित है। शनिवार को दिनभर लगे रहे श्रमिक अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह ने बताया कि जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निगम प्रशासन द्वारा शुक्रवार को प्रथम चरण में मशीनों के माध्यम से भवन के अत्यधिक जर्जर एवं खतरनाक हिस्सों को हटाने की कार्यवाही प्रारंभ की गई थी। उन्होंने बताया कि भवन के कुछ हिस्सों तक मशीनरी की पहुंच संभव नहीं होने के कारण शेष कार्य को मैनुअल तरीके से संपादित किया गया। इसके लिए श्रमिकों की सहायता से सावधानीपूर्वक भवन को चरणबद्ध रूप से हटाया गया तथा शनिवार रात्रि तक उक्त जर्जर भवन को पूर्णतः ध्वस्त कर स्थल को सुरक्षित बना दिया गया। इस कार्यवाही से क्षेत्र में लंबे समय से बना संभावित दुर्घटना का खतरा पूरी तरह समाप्त हो गया है। निगम प्रशासन की अपील नगर निगम प्रशासन द्वारा वर्षा पूर्व विशेष अभियान के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित जर्जर एवं खतरनाक भवनों का सर्वेक्षण कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। निगम प्रशासन ने जर्जर भवन स्वामियों से भी अपील की है कि वे अपने जर्जर अथवा दुर्घटना संभावित भवनों की को स्वेच्छा से हटाने की कार्यवाही करें, जिससे समय रहते जन सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। अन्यथा की स्थिति में निगम प्रशासन द्वारा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ईएमएस/मोहने/ 07 जून 2026