- बैगा संस्कृति, परंपराओं को मिलेगा नया मंच - पर्यटकों को होगी स्थानीय बैगा जनजातीय जीवन की पहचान बालाघाट (ईएमएस). कलेक्टर मृणाल मीना ने शुक्रवार को कान्हा नेशनल पार्क के मुक्की गेट के समीप निर्मित बैगा हाट का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए बैगा जनजाति के लोगों को बैगा हाट में निर्मित दुकानों का प्राथमिकता से आबंटन करने के निर्देश दिए। कलेक्टर मीना ने कहा कि बैगा हाट का उद्देश्य विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समुदाय की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं, हस्तशिल्प, कला और जीवन शैली को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के पर्यटकों तक पहुंचाना है। कान्हा टाइगर रिजर्व में प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में देश-विदेश से पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में बैगा हाट उनके लिए बैगा जनजाति की सांस्कृतिक विरासत को निकट से जानने और समझने का महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगा। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि बैगा समुदाय के लोगों को इस हाट के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। यहां वे अपने हस्तनिर्मित उत्पाद, पारंपरिक कलाकृतियां, वन उत्पाद तथा स्थानीय संस्कृति से जुड़े अन्य सामानों का विक्रय कर अपनी आय में वृद्धि कर सकेंगे। इससे न केवल उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि उनकी पारंपरिक कला एवं संस्कृति के संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। कलेक्टर मीना ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैगा हाट को पर्यटकों के लिए आकर्षक एवं सुविधाजनक बनाया जाए। उन्होंने स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, सूचना संकेतक, पार्किंग तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही बैगा संस्कृति एवं परंपराओं से संबंधित जानकारी प्रदर्शित करने की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा, ताकि पर्यटक यहां से स्थानीय जनजातीय जीवन के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकें। भानेश साकुरे / 07 जून 2026