राष्ट्रीय
07-Jun-2026


वाराणसी(ईएमएस)। धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में मीट-मांस और मछली के कारोबार को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। नगर निगम की साधारण सभा (सदन) की बैठक में शहर के भीतर संचालित मीट-मांस और मछली की दुकानों को चरणबद्ध तरीके से शहर की सीमा से बाहर स्थानांतरित करने पर सहमति बनी है। मैदागिन स्थित टाउनहाल भवन में महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित सदन की बैठक में इस प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में शहर के समग्र विकास, अतिक्रमण, स्वच्छता और जनहित से जुड़े कई मुद्दों पर विचार किया गया, जिसमें मीट-मांस और मछली के बाजारों को शहर के बाहरी क्षेत्रों में व्यवस्थित करने का प्रस्ताव प्रमुख रहा। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सदन को जानकारी दी कि योजना के प्रथम चरण के लिए पांच स्थानों का चयन कर लिया गया है। इनमें रामनगर, सूजाबाद, गणेशपुर, अवलेशपुर और शिवपुर क्षेत्र शामिल हैं। ये स्थान शहर की बाहरी सीमा के निकट स्थित हैं, ताकि आम लोगों को खरीदारी में किसी प्रकार की असुविधा न हो। विनोद उपाध्याय / 07 जून, 2026