- विवाद के बाद बैकफुट पर भाजपा विधायक प्रीतम लोधी, कहा- अगर आहत हुईं भावनाएं तो खेद है - डकैत रामबाबू गड़रिया पर टिप्पणी से विवाद के बाद दिया बयान शिवपुरी (ईएमएस)। शिवपुरी जिले के पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी ने डकैत रामबाबू गड़रिया को लेकर दिए गए बयान पर यू-टर्न लेते हुए खेद प्रकट किया है। विधायक ने कहा कि यदि उनके हालिया बयान से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो उन्हें इसका खेद है। रामबाबू गड़रिया को अपना दोस्त बताया था- पिछोर विधायक प्रीतम लोधी ने यह प्रतिक्रिया उस कार्यक्रम के बाद दी जिसमें उन्होंने रामबाबू गड़रिया को अपना दोस्त बताया था और लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की जयंती पर उसकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित किए थे।पिछोर में पाल-बघेल समाज के कार्यक्रम में दिए गए बयान में लोधी ने कहा था कि रामबाबू परिस्थितियों का शिकार था और समाज के कुछ लोगों के प्रताड़ित करने से वह डकैत बनने को मजबूर हुआ। उन्होंने रामबाबू के साथ जेल और जंगल में हुई मुलाकातों का भी जिक्र किया था। विपक्ष ने इसे कानून-व्यवस्था और शहीदों के बलिदान का अपमान बताया था- विधायक के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में तीखी प्रतिक्रियाएं आई थीं। विपक्ष ने इसे कानून-व्यवस्था और शहीदों के बलिदान का अपमान बताया था। विवाद बढ़ने के बाद अब लोधी ने बयान पर सफाई देते हुए खेद जताया है। बयानों को लेकर सुर्खियों में रह चुके हैं प्रीतम- प्रीतम लोधी पहले भी अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रह चुके हैं। कुछ दिन पहले उन्होंने करैरा के SDOP को लेकर भी विवादित टिप्पणी की थी।