- साफ-सफाई, प्रसव सेवाओं और राष्ट्रीय कार्यक्रमों के प्रगति की समीक्षा भी की बालाघाट (ईएमएस). जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. परेश उपलप ने शनिवार को विकासखंड बालाघाट (ग्रामीण) के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हट्टा तथा विकासखंड किरनापुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सालेटेका एवं रजेगांव का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डॉ. उपलप ने स्वास्थ्य संस्थानों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल परिसरों में साफ-सफाई की स्थिति का अवलोकन किया, जो संतोषजनक पाई गई। निरीक्षण के समय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य स्टॉफ ड्यूटी पर उपस्थित मिला। सीएमएचओ ने प्रसव सेवाओं की समीक्षा करते हुए लक्ष्य के अनुरूप संस्थागत प्रसव नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रयास कर प्रसव संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराकर सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित किया जाए। डॉ. उपलप ने हितग्राही मूलक योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही समस्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप उपलब्धि सुनिश्चित करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहने तथा अनिवार्य रूप से सार्थक पोर्टल पर अपनी उपस्थिति दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए अनुशासन और जवाबदेही अत्यंत आवश्यक है। सीएमएचओ ने स्वास्थ्य संस्थानों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनहित में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने तथा शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भानेश साकुरे / 07 जून 2026