क्षेत्रीय
07-Jun-2026
...


सफलता की कहानी ग्राम बिछुआ में नल जल योजना ग्राम पंचायत को की गई हस्तांतरित, जल उत्सव एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित नर्मदापुरम (ईएमएस)। हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से शासन द्वारा जल जीवन मिशन अंतर्गत नल जल योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन जिले में सतत रूप से किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच से प्रारंभ हुए इस महत्वाकांक्षी अभियान में नर्मदापुरम जिला मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में एक सशक्त सहभागी के रूप में उभर रहा है। जिले में 93 प्रतिशत से अधिक योजनाओं का कार्य पूर्ण किया जा चुका है तथा शेष कार्यों को भी शीघ्र पूर्ण करने हेतु निरंतर कार्यवाही जारी है। जल जीवन मिशन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की तस्वीर अब तेजी से बदल रही है। गांवों में घर-घर नलों से स्वच्छ पेयजल पहुंचने लगा है, जिससे महिलाओं एवं ग्रामीणों को दूर-दराज क्षेत्रों से पानी लाने की समस्या से राहत मिली है। घर के आंगन में उपलब्ध स्वच्छ पेयजल ने ग्रामीणों के जीवन में सुविधा के साथ-साथ स्वास्थ्य सुरक्षा भी सुनिश्चित की है। शुद्ध जल की उपलब्धता से जलजनित बीमारियों में कमी आ रही है तथा महिलाओं को समय की बचत होने से वे कृषि, स्वरोजगार एवं अन्य गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में जल जीवन मिशन के तहत नल जल योजनाओं के प्रसार एवं पंचायतों को योजनाओं के हस्तांतरण का कार्य निरंतर किया जा रहा है। इसी क्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग उपखंड सोहागपुर द्वारा आज ग्राम बिछुआ में जल जीवन मिशन अंतर्गत पूर्ण की गई नल जल योजना को ग्राम पंचायत को विधिवत हस्तांतरित किया गया। इस अवसर पर ग्राम में भव्य कलश यात्रा निकाली गई तथा जल स्त्रोत का पूजन कर ग्रामीणों को जल संरक्षण एवं जल के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सहायक मंत्री पी.एच.ई. यतेन्द्र द्वारी, उपयंत्री दर्शन सिंह धुर्वे, सरपंच, सचिव, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि ग्राम में पर्याप्त भूमिगत जल उपलब्ध नहीं होने के कारण लगभग 6 किलोमीटर दूर ग्राम डूडादेह से पाइपलाइन बिछाकर ग्राम बिछुआ तक पेयजल पहुंचाया गया है, जिससे ग्रामीणों को अब नलों के माध्यम से नियमित स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है। योजना के ग्राम में प्रारंभ होने पर सभी ग्राम वासियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया है।