छिंदवाड़ा (ईएमएस)। राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव और अमरवाड़ा विधायक कमलेश शाह रविवार को भोपाल पहुंचे। यहां उन्होंने सत्ता और संगठन के शीर्ष नेताओं से मुलाकात की। चुनाव संबंधी रणनीति और प्रक्रियाओं पर चर्चा की। पार्टी नेतृत्व की ओर से विधायकों और संगठन के पदाधिकारियों को चुनाव की प्रक्रिया, मतदान की पद्धति और आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी जा रही है। इसी सिलसिले में प्रदेशभर से भाजपा के जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी भोपाल पहुंच रहे हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने बताया कि वर्तमान में पार्टी का पूरा ध्यान राज्यसभा चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने पर केंद्रित है।पार्टी नेतृत्व द्वारा विधायकों को मतदान की प्रक्रिया और चुनाव संबंधी तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी जा रही है, ताकि चुनाव के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे। उन्होंने कहा कि भाजपा पूरी मजबूती के साथ राज्यसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी हुई है। हम इसी सिलसिले में भोपाल आए हैं। पार्टी संगठन की ओर से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं और विधायकों को मतदान की कार्यप्रणाली समझाई जा रही है। इस दौरान अमरवाड़ा विधायक कमलेश शाह के मंत्रिमंडल में शामिल होने की चर्चाओं को लेकर भी राजनीतिक हलकों में अटकलें तेज थीं। हालांकि, भाजपा जिलाध्यक्ष यादव ने इन अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर जो चर्चाएं चल रही हैं, उनका कोई आधार नहीं ईएमएस/ मोहने/ 07 जून /2026