रियो डि डिनेरियो (ईएमएस)। ब्राजील के स्टार फुटबॉलर नेमार 11 जून से अमेरिका , मैक्सिको और कनाडा में होने वाले विश्वकप फुटबॉलज के बाद खेल से संन्यास ले सकते हैं। इसके संकेत नेमार की सोशल मीडिया पर की गयी एक टिप्पणी से मिले हैं। 34 वर्षीय के इस फॉरवर्ड ने अपनी इस टिप्पणी में ऐसे संकेत दिए हैं कि जिससे प्रशंसकों को लग रहा है कि वह इस विश्वकप के बाद मैदान पर नहीं दिखेंगे। इसके बाद से ही उनके संभावित संन्यास को लेकर अटकलें जारी हैं। फीफा ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर नेमार के करियर की कुछ यादगार तस्वीरों के साथ एक भावुक पोस्ट साझा की। इस पोस्ट में लिखा था, हमने उन्हें बड़ा होते देखा है। यह संदेश नेमार के खेल जगत में उनके लंबे सफर और उनकी पहचान को दिखाता है। इस संदेश पर नेमार की एक प्रतिक्रिया से उनके खेल को अलविदा कहने के संकेत नजर आये हैं। उन्होंने सिर्फ तीन शब्द लिखे—द लास्ट डांस। यह शब्द खेल जगत में किसी बड़े खिलाड़ी के करियर के अंतिम पड़ाव से जुड़े हैं। नेमार की इस टिप्पणी को व्यापक रूप से अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने की उनकी योजना के रूप में देखा जा रहा है। गौरतलब है कि खेल जगत में द लास्ट डांस का अपना एक खास महत्व है। यह अक्सर किसी महान खिलाड़ी के करियर के अंतिम और निर्णायक पड़ाव से जुड़ा होता है। जैसा कि एनबीए के दिग्गज बास्केटबॉल स्टार माइकल जॉर्डन के शिकागो बुल्स के साथ 1997-98 के अंतिम चैम्पियनशिप सत्र के दौरान हुआ था। जॉर्डन के उस ऐतिहासिक सत्र को भी द लास्ट डांस के नाम से जाना जाता है, जब उन्होंने अपनी टीम को छठी एनबीए चैम्पियनशिप दिलाई थी। नेमार द्वारा इस शब्द के प्रयोग ने उनके भविष्य को लेकर अटकलों को और तेज कर दिया है, क्योंकि यह एक संकेत हो सकता है कि वे अपने अंतरराष्ट्रीय करियर को एक यादगार अंत देना चाहते हैं। ब्राजील फुटबॉल में नेमार का योगदान अहम रहा है। उन्होंने अब तक 128 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं और 79 गोल के साथ सबसे अधिक गोल का रिकार्ड उनके नाम है। वह कई साल तक आक्रमण पंक्ति के प्रभारी रहे हैं। मैदान पर रचनात्मकता, ड्रिबलिंग कौशल और गोल करने की क्षमता के लिए वह जाने जाते हैं। हाल के कुछ साल से नेमार चोटों से काफी रहे रहे हैं, जिसने उनके करियर की निरंतरता पर असर डाला है। अक्टूबर 2023 में एंटीरियर क्रूसिएट लिगामेंट की गंभीर चोट के बाद से वे पूरी तरह से वापसी के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इस बड़ी चोट के बाद हाल ही में पिंडली की मांसपेशियों में खिंचाव ने उनकी फिटनेस चिंताओं को और बढ़ा दिया है। इन चोटों के कारण, 13 जून को मोरक्को के खिलाफ ब्राजील के शुरुआती वर्ल्ड कप मुकाबले में उनके खेलने पर भी संशय बना हुआ है। माना जा रहा है कि फिटनेस समस्याओंके के कारण ही वह संन्यास के बारे में विचार करने लगे हैं। गिरजा/ईएमएस 08जून 2026