धमतरी(ईएमएस)। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 400 किलो से अधिक गांजा जब्त किया है। यह कार्रवाई अर्जुनी थाना क्षेत्र के वनोपज नाके पर की गई, जहां चेकिंग के दौरान तस्करी का यह बड़ा मामला सामने आया। जानकारी के अनुसार, कोतवाली पुलिस, अर्जुनी थाना पुलिस और विशेष टीम ने संयुक्त रूप से संदिग्ध वाहनों की जांच अभियान चलाया था। इसी दौरान एक पिकअप वाहन और एक कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, गांजा जगदलपुर की ओर से रायपुर की तरफ ले जाया जा रहा था। तस्करों ने इसे फोम और कंबलों के नीचे छिपाकर रखा था ताकि जांच से बचा जा सके, लेकिन वनोपज नाके पर की गई सघन चेकिंग में पूरा मामला उजागर हो गया। तलाशी के दौरान कुल 96 पैकेटों में पैक 400 किलो से अधिक गांजा बरामद किया गया, जिसकी बाजार कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। इस कार्रवाई में चार से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। उनसे गांजे के सप्लाई नेटवर्क, स्रोत और अन्य सहयोगियों को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह एक संगठित तस्करी नेटवर्क हो सकता है और पूरे नेटवर्क को उजागर करने के लिए जांच तेज कर दी गई है। मामले में आगे और खुलासे की संभावना जताई जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)08 जून 2026