क्षेत्रीय
08-Jun-2026
...


बलरामपुर(ईएमएस)। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर चन्दन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने वाड्रफनगर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान ग्राम कैलाशपुर स्थित मोरन नदी क्षेत्र में अवैध खनन के लिए बनाए गए मार्गों को मौके पर ही बंद कर दिया गया और उन्हें नष्ट कराया गया। यह पूरी कार्रवाई ग्रामीणों की मौजूदगी में की गई। खनिज अधिकारी राहुल गुलाटी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य जिले में हो रहे अवैध खनन पर रोक लगाना और पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करना बताया गया है। जांच के दौरान रेत और पत्थर का अवैध परिवहन करते पाए गए दो ट्रैक्टर वाहनों को जब्त किया गया। दोनों वाहनों को वाड्रफनगर पुलिस चौकी और बसंतपुर थाना की अभिरक्षा में रखा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जब्त वाहनों के मालिकों के खिलाफ खनिज नियमों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी स्थिति में नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सत्यप्रकाश(ईएमएस)08 जून 2026