धमतरी(ईएमएस)। शहर की प्रमुख सड़कों पर भवन निर्माण सामग्री बेतरतीब तरीके से फैली होने से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बढ़ गया है। गौरव पथ सहित कई इलाकों में सड़क तक रेत और गिट्टी फैल जाने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क पर फैली रेत के कारण दोपहिया वाहन फिसलने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। खासकर रेत पर बाइक का संतुलन बिगड़ने से राहगीरों को अधिक परेशानी हो रही है। नागरिकों का कहना है कि भवन निर्माण करने वाले लोग निर्माण सामग्री को खुले में और सड़क किनारे बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के छोड़ देते हैं, जिससे आमजन को जोखिम उठाना पड़ रहा है। लोगों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि ऐसे लापरवाह निर्माणकर्ताओं को सख्त चेतावनी दी जाए और सड़क पर फैली सामग्री को तत्काल हटवाया जाए। साथ ही निर्माण सामग्री को सुरक्षित तरीके से रखने के नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके। सत्यप्रकाश(ईएमएस)08 जून 2026