क्षेत्रीय
08-Jun-2026


कांकेर(ईएमएस)। जिले में नेशनल हाईवे के किनारे सड़क की खराब स्थिति और असमान लेवलिंग के कारण लगातार हादसों की आशंका बनी हुई है। कई स्थानों पर सड़क के किनारे गड्ढे और नीचे धंसा हुआ हिस्सा होने से वाहन चालकों को आवागमन के दौरान भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, नेशनल हाईवे के जैसाकर्रा, नाथिया नवागांव, माकड़ी और नांदनमारा जैसे इलाकों में सड़क के किनारे मिट्टी का स्तर सही नहीं होने के कारण स्थिति और भी जोखिमपूर्ण हो गई है। वाहन चालकों का कहना है कि सामने से आने वाले वाहनों को साइड देने के दौरान कई बार वाहन सड़क से नीचे उतर जाते हैं, जिससे पलटने की आशंका बनी रहती है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थिति और अधिक खतरनाक साबित हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि रात के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है, क्योंकि अंधेरे में सड़क किनारे गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता और हादसे की संभावना बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क किनारे मरम्मत और लेवलिंग का कार्य कराया जाए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके और आवागमन सुरक्षित हो सके। ईएमएस(राकेश गुप्ता)08 जून 2026