क्षेत्रीय
08-Jun-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। शहर की अग्रणी समाजसेवी पंजाबी संस्था ने एक जरूरतमंद छात्रा की शिक्षा जारी रखने के लिए उसकी बकाया स्कूल फीस की राशि का चेक प्रदान किया है। रविवार को इमलीपारा स्थित पंजाबी संस्था भवन में आयोजित मासिक बैठक के दौरान छात्रा एवं उसके परिजनों को यह सहायता सौंपी गई। संस्था के अध्यक्ष अशोक ऋषि ने बताया कि छात्रा के पिता ने आर्थिक तंगी के चलते फीस जमा नहीं कर पाने की जानकारी देते हुए सहायता का अनुरोध किया था। छात्रा ओमना ने सेंट जोसेफ स्कूल से 12वीं कक्षा 62 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की है, लेकिन फीस बकाया होने के कारण उसकी मार्कशीट और टीसी स्कूल में जमा है। छात्रा अब बिलासा गल्र्स कॉलेज में उच्च शिक्षा प्राप्त करना चाहती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पंजाबी संस्था ने संबंधित स्कूल के नाम पर फीस राशि का चेक जारी करने का निर्णय लिया। कार्यक्रम में महासचिव जगदीश दुआ, आशीष दुआ और दिनेश उथरा की उपस्थिति में छात्रा को सहायता राशि प्रदान की गई। महासचिव जगदीश दुआ ने कहा कि संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा से वंचित होने से बचाना है। शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग के साथ-साथ संस्था विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है। पिछले साल भी 40 हजार से अधिक की मदद पंजाबी संस्था ने पिछले शैक्षणिक सत्र में भी तीन जरूरतमंद बच्चों की पढ़ाई के लिए 40 हजार रुपए से अधिक की आर्थिक सहायता प्रदान की थी। संस्था लगातार शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग कर रही है ताकि आर्थिक अभाव किसी बच्चे के भविष्य में बाधा न बने। बच्चों को बैग, शूज और छात्रवृत्ति संस्था पिछले तीन वर्षों से जरूरतमंद विद्यार्थियों को स्कूल बैग, स्कूल शूज और शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध करा रही है। इसके अलावा मेधावी छात्रों के लिए छात्रवृत्ति योजना भी संचालित की जा रही है, जिससे उच्च शिक्षा प्राप्त करने में सहायता मिल सके। समाजसेवा की कई नि:शुल्क सुविधाएं पंजाबी संस्था सामाजिक सरोकारों के तहत सर्वसमाज के लिए मुक्ति वाहन, डीप फ्रीजर, ऑक्सीजन सिलेंडर, व्हीलचेयर और पेशेंट बेड जैसी सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराती है। बैठक में मानसून के दौरान व्यापक पौधारोपण अभियान चलाने और सदस्यता विस्तार कार्यक्रम को भी अंतिम रूप दिया गया। मनोज राज 08 जून 2026