-एयरपोर्ट अधिकारी बोले- कोई मौसम चेतावनी क्यों जारी नहीं की, डीजीसीए कर रहा जांच नई दिल्ली,(ईएमएस)। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर तेज आंधी से एअर इंडिया के तीन विमान ग्राउंड सपोर्ट उपकरण से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गए। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लिया है। डीजीसीए इस हादसे की पूरी जांच करेगा और लापरवाही बरतने वालों की जिम्मेदारी तय करेगा। ये हादसा रविवार शाम एयरपोर्ट के टर्मिनल 2 पर हुआ था। अचानक आई तेज आंधी और तूफान की वजह से वहां खड़े ग्राउंड सपोर्ट उपकरण अपनी जगह से हिल गए थे। रिपोर्ट के मुताबिक तेज हवाओं के थपेड़ों के कारण ये उपकरण वहां पार्क किए गए एयर इंडिया के तीन सिंगल आयल एयरक्राफ्ट से जा टकराए। इस टक्कर में तीनों विमानों को नुकसान पहुंचा है। सरकारी सूत्रों ने इस बात की पुष्टि की है कि इस मामले की गहन जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। एयरपोर्ट से जुड़े सूत्रों के मुताबिक अचानक बहुत तेज हवाएं चलने लगीं। उस समय तूफान को लेकर मौसम विभाग की तरफ से कोई चेतावनी नहीं दी गई थी। पार्किंग स्टैंड पर खड़े इंडिगो इंजीनियरिंग और एअर इंडिया इंजीनियरिंग के एक स्टेप लैडर और एक ट्रेस्टल तेज हवा की वजह से अपनी जगह से खिसक गए और विमानों से टकरा गए। इंडिगो के सूत्रों का कहना है कि उन्होंने अपने ट्रेस्टल को अच्छी तरह बांधकर सुरक्षित किया था, लेकिन आंधी इतनी तेज थी कि वो खुल गया। हादसे के बाद तीनों विमानों को जांच और मरम्मत के लिए खड़ा कर दिया गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि इनमें से एक विमान को ठीक होने में कुछ दिन का समय लगेगा, जबकि बाकी दो विमान इसी हफ्ते दोबारा उड़ान भर सकेंगे। इस घटना ने एयरपोर्ट की सुरक्षा और प्रबंधन पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सभी एयरलाइंस और एयरपोर्ट अधिकारी इस बात से हैरान हैं कि इतने बड़े तूफान को लेकर पहले से कोई मौसम चेतावनी क्यों जारी नहीं की गई। बता दें इस साल जनवरी में घने कोहरे के बीच न्यूयॉर्क से आए एयर इंडिया के एक नए ए350 विमान के इंजन में रनवे पर चलते समय एक लावारिस बैग कंटेनर समा गया था। डीजीसीए अब इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रहा है। देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार तक मानसून 12 राज्यों तक पहुंच गया। इसने केरलम, कर्नाटक, मणिपुर, नगालैंड और मिजोरम को कवर कर लिया है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में प्री-मानसून बारिश हो रही है। मध्य प्रदेश के इंदौर-खंडवा हाईवे पर आंधी से ऑटो पलट गया। दिल्ली-एनसीआर में सोमवार से मौसम में बदलाव आया है, यहां दोबारा गर्मी बढ़ गई। मौसम विभाग ने कहा कि अगले हफ्ते हीटवेव जैसी परिस्थितियां बन सकती है। सिराज/ईएमएस 08जून26