खेल
09-Jun-2026


मिडफील्डर एडरसन को मिला अवसर ब्रासीलिया (ईएमएस)। ब्राजील की टीम अनुभवी डिफेंडर वेस्ली चोटिल होने के कारण 11 जून से शुरु हो रहे फीफा विश्वकप फुटबॉल टूर्नामेंट से बाहर हो गये हैं। वेस्ली का बाहर होना ब्राजील के लिए करारा झटका लगा है। वहीं ब्राजील के मुख्य कोच कार्लो एंसेलोटी ने वेस्ली की जगह अटलांटा के मिडफील्डर एडरसन को 26 सदस्यीय टीम में शामिल किया है। डिफेंडर वेस्ली को यह चोट मिस्र के खिलाफ शनिवार को हुए एक मैत्री मैच के दौरान लगी। इस मैच में ब्राजील ने 2-1 से जीत दर्ज की थी। मैच के दौरान वेस्ली को बाएं पैर की जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव महसूस हुआ, जिसके बाद उन्हें मैदान से बाहर ले जाया गया। बाद में की गयी जांच में उनकी चोट गंभीर पायी गयी। विश्वकप से बाहर होने से वेस्ली बेहद निराश दिखे। उन्होंने कहा कि किसी भी खिलाड़ी के लिए विश्वकप में अपने देश का प्रतिनिधित्व करना सबसे बड़ा सपना होता है। उसका टूटना भावनात्मक रुप से बेहद करारा झटका होता है। वहीं ब्राजीलियन फुटबॉल परिसंघ (सीबीएफ) ने भी वेस्ली के प्रति संवेदना जतायी है। बयान में कहा गया कि वेस्ली टीम के बेहतरीन खिलाड़ी हैं जिन्हें सभी चाहते हैं, ऐसे में विश्व कप में न खेल पाने के बाद भी उन्हें टीम की भविष्य की योजनाओं का एक अहम हिस्सा माना जाएगा। सीबीएफ का यह बयान टीम के अंदर मौजूद मजबूत बंधन और खिलाड़ियों के प्रति सम्मान को दिखाता है। कोच कार्लो एंसेलोटी ने कहा है कि अंतिम मंजूरी मिलते ही एडरसन को आधिकारिक तौर पर टीम में शामिल कर लिया जाएगा। एडरसन सोमवार को न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी में राष्ट्रीय टीम के ट्रेनिंग कैंप में शामिल हो जाएंगे। मिडफील्डर ने राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के लिए सीनियर स्तर पर तीन बार खेला है। वह दो साल पहले मैक्सिको के खिलाफ एक मैत्री मैच में शुरुआती लाइन-अप में शामिल रहे थे। अटलांटा के लिए सेरी-ए में किये शानदार प्रदर्शन से ही उन्हें अवसर मिल रहा है। ईएमएस 09जून 2026