ब्राजील,(ईएमएस)। ब्राजील की मेइरीवोने रोचा मोराएस अपनी अनोखी कहानी के साथ फिर दुनियाभर का ध्यान अपनी ओर खींच रही हैं। कुछ समय पहले एक कपड़े के गुड्डे मार्सेलो से शादी कर सुर्खियों में आईं मेइरीवोने ने अब उसी गुड्डे पर बेवफाई का गंभीर आरोप लगाकर सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है। यह अनोखा रिश्ता तब शुरू हुआ जब मेइरीवोने की मां ने उनकी खुशी और अकेलेपन से निपटने के लिए मार्सेलो नामक एक लाइफ-साइज रैग डॉल बनवाया। मेइरीवोने ने धीरे-धीरे उस गुडडे से भावनात्मक जुड़ाव महसूस किया और फिर एक पारंपरिक समारोह में मार्सेलो से शादी कर ली। इस शादी समारोह में बड़ी संख्या में मेहमान भी शामिल हुए थे, और इसकी तस्वीरें व वीडियो दुनियाभर में वायरल हुए थे। मेइरीवोने ने सार्वजनिक रूप से मार्सेलो के प्रति अपना गहरा प्रेम व्यक्त किया और यहां तक दावा किया कि उनके दो बच्चे भी हैं, जो वास्तव में गुड्डे ही थे, पर वह उन्हें अपने परिवार का हिस्सा मानती थीं। हालांकि, हाल ही में इस कहानी में नया मोड़ तब आया जब मेइरीवोने ने मार्सेलो पर बेवफाई का आरोप लगा दिया। उनका दावा है कि जब वह अस्पताल में भर्ती थीं, तब उनके पति को एक दोस्त ने किसी दूसरी महिला के साथ देखा। इतना ही नहीं, उन्हें कथित बेवफाई के सबूत के तौर पर कुछ संदेश भी मिले। इस घटना से नाराज होकर, मेइरीवोने ने मार्सेलो को सजा के तौर पर सोफे पर सोने के लिए भेज दिया और पूरी घटना को सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। मनोवैज्ञानिक मामले को अकेलेपन, भावनात्मक लगाव और कल्पना की दुनिया से जोड़कर देखते हैं, जहां मेइरीवोने ने वास्तविक रिश्तों में निराशा के बाद गुड्डे को अपना साथी चुना। यह अनोखी घटना फिर सोशल मीडिया पर बहस का विषय बन गई है, जो आधुनिक दौर में वास्तविकता और कल्पना के बीच की धुंधली होती सीमाओं को दर्शाती है। दुनिया भर के लोग अब भी घटना को हैरानी, मनोरंजन और जिज्ञासा के मिश्रण के रूप में देख रहे हैं। आशीष/ईएमएस 10 जून 2026