- सड़कों पर लगभग दो माह बाद दौड़ेगी 40 इलेक्ट्रिक सिटी बसें कोरबा (ईएमएस)। कोरबा जिले की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में जल्द ही बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। शहरवासियों को आधुनिक, सुरक्षित और प्रदूषणमुक्त यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी अगस्त माह से 40 इलेक्ट्रिक सिटी बसों का संचालन शुरू किए जाने की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई है। इसके लिए दर्री स्थित प्रतीक्षा बस स्टैंड परिसर में आवश्यक अधोसंरचना विकसित की जा रही है। बसों की चार्जिंग के लिए स्थापित किया जा रहा सब-स्टेशन बनकर तैयार हो चुका है, जबकि बसों के रखरखाव व मरम्मत के लिए अत्याधुनिक वर्कशॉप का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। वर्तमान में शहर का विस्तार लगातार बढ़ रहा है। शहर से लेकर उपनगरीय क्षेत्रों तक प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते हैं। विद्यालय/महाविद्यालय के विद्यार्थी, निजी व शासकीय कर्मचारी, व्यापारी तथा ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोग लंबे समय से बेहतर सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की मांग कर रहे थे। इलेक्ट्रिक सिटी बसों के संचालन से न केवल लोगों को सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा, बल्कि निजी वाहनों पर निर्भरता भी कम होगी। इससे शहर में यातायात का दबाव घटने के साथ-साथ प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलेगी। कोरबा प्रदेश के उन प्रमुख शहरों में शामिल होने जा रहा है जहां बड़े पैमाने पर इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा। केंद्र और राज्य सरकार द्वारा पर्यावरण संरक्षण तथा हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी कड़ी में यहाँ भी इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने की योजना पर तेजी से काम किया गया है। दर्री बस स्टैंड परिसर को इस परियोजना का प्रमुख संचालन केंद्र बनाया गया है, जहां बसों की चार्जिंग, पार्किंग और रखरखाव की व्यवस्था विकसित की जा रही है। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए आवश्यक विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए स्थापित सब-स्टेशन पूरी तरह तैयार है। इसके माध्यम से बसों को नियमित रूप से चार्ज किया जाएगा। वहीं निमार्णाधीन वर्कशॉप में तकनीकी जांच, सर्विसिंग और मरम्मत जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इससे बसों के संचालन में किसी प्रकार की तकनीकी बाधा आने पर तत्काल समाधान किया जा सकेगा - 10 जून