कांकेर (ईएमएस)। जिले के सरोना थाना पुलिस ने गांजा सप्लाई और बिक्री के नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए 67 वर्षीय एक बुजुर्ग आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2.4 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 1 लाख 20 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से क्षेत्र में अवैध रूप से गांजा बेचने और सप्लाई करने का काम कर रहा था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 8 जून को पुलिस ने नदीपारा, मुड़पार दखनी स्थित उसके घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान चावल की बोरी में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गणेश राम रामटेके, निवासी नदीपारा, मुड़पार दखनी, थाना सरोना के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि वह बोरई क्षेत्र से गांजा लाकर स्थानीय स्तर पर सप्लाई करता था। बताया जा रहा है कि बोरई क्षेत्र में ओडिशा से जुड़े तस्करों का नेटवर्क सक्रिय है, जहां से गांजा की सप्लाई होती है। पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी हर शुक्रवार और रविवार को बोरई जाकर सप्लायर से गांजा खरीदता था। वहां किसी तय स्थान पर या होटल में बैठकर डील की जाती थी और बाद में गांजा आगे सप्लाई किया जाता था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और ओडिशा निवासी मुख्य सप्लायर की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इलाके में नशे के कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। - ईएमएस / 10 जून 2026