10-Jun-2026
...


- गौर के कुडारी गांव में सुबह हादसा : बिजली ‎विभाग पर लापरवाही का आरोप जबलपुर, (ईएमएस)। शहर के गौर पुलिस चौकी के अंतर्गत रानी अवंती बाई वार्ड क्रमांक 67 में स्थित कुड़रिया ग्राम में बुधवार की सुबह बिजली खंभे के सपोर्टिंग तार में दौड़ रहे करंट की चपेट में आने से एक 7 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। इस हादसे को लेकर क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि बिजली कंपनी के अधिकारियों को लगातार सूचना दी जा रही थी लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया जिसके चलते एक मासूम की मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंचे पुलिस दल ने मौका मुआयना के बाद बालक के शव को पीएम के लिए रवाना किया तथा मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है। इस संबंध में जानकारी के मुताबिक बुधवार की सुबह ग्राम कुड़रिया गौर निवासी संदीप कनौजिया का सात वर्षीय बेटा श्लोक कनौजिया सुबह घर के पीछे खेत में शौच के लिए गया हुआ था। बताया जाता है कि बच्चे ने वहां से लौटते समय उक्त तार छू लिया जिससे उसे बिजली का तेज झटका लगा और वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पडा। काफी देर तक जब वह नहीं लौटा तो घर वालों ने जाकर देखा तो श्र्लोक बिजली तार के चपेट में आने से अचेत पड़ा हुआ था। तत्काल उसे परिजन लेकर निजी अस्पताल पहुंचे जहां परिक्षण के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। क्षेत्रीय लोगों के मुताबिक इस पूरी घटना पीछे बिजली कंपनी के अधिकारियों की लापरवाही मुख्य कारण है। बिजली के सपोर्टिंग तार में करंट होने की सूचना उन्हें लगातार दी जा रही थी लेकिन उन्होंने ने ध्यान नहीं दिया, जिसके चलते आज उसकी चपेट में आने से मासूम की मौत हो गई। अजय पाठक / मोनिका / 10 जून 2026/ 02.22