* वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से बदलेगा मौसम, दक्षिण गुजरात और सौराष्ट्र में होगी अच्छी वर्षा अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मौसम विभाग ने राज्य में आगामी 7 दिनों तक बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार, 10 जून से 16 जून के बीच अहमदाबाद सहित पूरे गुजरात के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव के चलते राज्य के विभिन्न हिस्सों में वर्षा होने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिलेगी। मौसम विभाग की ताजा भविष्यवाणी के अनुसार, 10 जून से 16 जून तक दक्षिण गुजरात में बारिश का माहौल बना रहेगा। क्षेत्र के कई जिलों में मेघराजा मेहरबान हो सकते हैं और सामान्य से अच्छी वर्षा दर्ज होने की संभावना है। मौसम में आए इस बदलाव से किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई है, क्योंकि यह बारिश खरीफ फसलों की तैयारी के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। विभाग के अनुसार, 14 जून से 16 जून के दौरान सौराष्ट्र क्षेत्र में भी बारिश होने के संकेत हैं। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के लिए यह राहतभरी खबर है। वर्षा होने से खेतों में नमी बढ़ेगी और आगामी बुवाई कार्यों को गति मिलेगी। कृषि विशेषज्ञों का भी मानना है कि समय पर होने वाली बारिश खेती के लिए लाभदायक साबित होगी। राज्य में मानसून की दस्तक के साथ ही तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है। बारिश के कारण वातावरण में ठंडक घुलेगी और उमस व गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि राज्य के अन्य हिस्सों में भी आगामी दिनों में बारिश का दायरा बढ़ सकता है। बारिश की संभावना को देखते हुए किसानों ने खेती और बुवाई की तैयारियां तेज कर दी हैं। लंबे समय से सूखे जैसे हालात का सामना कर रहे किसानों में अब नई उम्मीद जगी है कि वर्षा से उनकी फसलों की पानी की जरूरत पूरी हो सकेगी। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में गुजरात के मौसम में व्यापक परिवर्तन देखने को मिल सकता है। मानसून के सक्रिय होते ही राज्य में सकारात्मक बदलाव आएंगे और लोग मेघराजा के स्वागत के लिए तैयार नजर आ रहे हैं। राज्यभर में बारिश को लेकर उत्साह और उम्मीद का माहौल बना हुआ है। सतीश/10 जून