राज्य
10-Jun-2026


जयपुर (ईएमएस)। राजस्थान में इन दिनों मौसम का दोहरा असर देखने को मिल रहा है. एक ओर जहां कुछ जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, वहीं दूसरी ओर कई हिस्सों में भीषण गर्मी और हीटवेव लोगों को झुलसा रही है जबकि 11 जून से मौसम में बड़ा बदलाव आने की संभावना जताई गई है। राजस्थान में फिलहाल मौसम का मिजाज अस्थिर बना हुआ है एक ओर जहां गर्मी अपने तेवर दिखा रही है, वहीं दूसरी ओर आंधी-बारिश लोगों को राहत दे सकती है. हालांकि, तेज हवाओं और वज्रपात को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. आने वाले दिनों में मौसम का यह बदलाव प्रदेश के तापमान में गिरावट ला सकता है और भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई. श्रीगंगानगर राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इसके अलावा पिलानी में 44.5, चूरू, बीकानेर और जैसलमेर में 43.6 डिग्री, जबकि जयपुर में 41.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ.इन जिलों में आंधी-बारिश और तेज हवाओं का अलट:र् मौसम विभाग के अनुसार आज 10 जून को अलवर, डीग, धौलपुर, झुंझुनूं, खैरथल-तिजारा और कोटपूतली-बहरोड़ जिलों में मेघगर्जन के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, जैसलमेर, फलोदी और श्रीगंगानगर में लू चलने का अनुमान है. 11 जून से मौसम बदलेगा, ऑरेंज अलर्ट जारी: 11 जून को राज्य के कई जिलों में मौसम करवट लेगा. अजमेर, भरतपुर, दौसा, जयपुर, करौली, सवाई माधोपुर, सीकर, टोंक समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन क्षेत्रों में मेघगर्जन, वज्रपात और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. इसके अलावा ब्यावर, भीलवाड़ा, बूंदी, कोटा और नागौर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. वहीं जैसलमेर और फलोदी में हीटवेव का असर जारी रहने की चेतावनी दी गई है। अशोक शर्मा/ 4:10 बजे/ 10 जून 2026