जयपुर (ईएमएस)। अजमेर की चिकित्सा सेवाओं को आखिर नए पंख लग गए हैं। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के प्रयासों से राज्य सरकार ने जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय में सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक के निर्माण एवं अस्पताल में निर्माण व मरम्मत के लिए 240 करोड़ रूपए की मंजूरी दे दी है। मेडिकल कॉलेज प्राचार्य को लैटर ऑफ इंटेंट जारी करने के लिए अधिकृत किया गया है। सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक पर 190 करोड़ रूपए व अस्पताल उन्नयन में 50 करोड़ रूपए खर्च होंगे। राज्य सरकार ने इस कार्य के लिए एचएलएल लाइफ केयर लिमिटेड को वर्किंग एजेंसी नियुक्त किया है। राज्य बजट घोषणा की क्रियान्विति के लिए जेएलएन आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं संबद्ध चिकित्सालय, अजमेर में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार एवं आधुनिकीकरण के लिए 240.73 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने पर अजमेर संभाग के मरीजों को एक ही परिसर में उन्नत एवं सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। उन्हें सुपर स्पेशिलिटी सेवाओं के लिए जयपुर, दिल्ली या अहमदाबाद नहीं जाना होगा।श्री वासुदेव देवनानी के प्रयासों से हुई बजट घोषणा के अंतर्गत कुल 190.73 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे, जिसमें सिविल निर्माण एवं आधुनिक उपकरण शामिल हैं। सिविल निर्माण कार्य हेतु 151.67 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक से न्यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, गैस्ट्रो सर्जरी, यूरोलॉजी, डायलिसिस, ऑन्कोलॉजी सर्जरी, एंडोक्राइनोलॉजी तथा प्लास्टिक सर्जरी सहित विभिन्न सुपर स्पेशियलिटी विभागों की ओपीडी एवं आईपीडी सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी। इससे मरीजों को विभिन्न विभागों में भटकने की आवश्यकता नहीं रहेगी तथा बेहतर उपचार के लिए अन्य शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा। जेएलएन मेडिकल कॉलेज अस्पताल के भवनों के जीर्णोद्धार एवं उन्नयन कार्यों के लिए 50 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस राशि में से 48 करोड़ रुपये सिविल निर्माण कार्यों पर व्यय होंगे। इस परियोजना के तहत नेत्र रोग, ईएनटी, चर्म रोग, आईएचटीएम तथा दंत रोग विभागों के भवनों का जी+5 स्वरूप में निर्माण एवं विस्तार किया जाएगा। इस कार्य के लिए भी एचएलएल लाइफ केयर लिमिटेड को कार्यकारी एजेंसी नियुक्त किया गया है। अशोक शर्मा/ 4:10 बजे/ 10 जून 2026