10-Jun-2026
...


- आयुध निर्माणी कटनी में पदाधिकारियों का अभिनंदन जबलपुर, (ईएमएस)। आयुध निर्माणी कटनी में बुधवार को मजदूर संघ द्वारा एआईडीईएफ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एस. एन. पाठक, सीईसी सदस्य अंबरीश सिंह, जेसीएम द्वितीय सदस्य राजा पाण्डेय, खमरिया लेबर यूनियन के अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह तथा जीसीएफ मजदूर संघ के महामंत्री रोहित यादव का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर आयोजित स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में कर्मचारियों एवं मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने भाग लिया। अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया गया तथा कर्मचारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। समारोह को संबोधित करते हुए एस. एन. पाठक ने कर्मचारियों के विभिन्न ज्वलंत मुद्दों जैसे एम सी एम से चार्जमैन पदोन्नति, आठवां वेतन मान, लेबर कोड कर्मचारियों की सर्विस कंडीशन पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि, एआईडीईएफ सदैव कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए संघर्षरत रही है और भविष्य में भी कर्मचारियों के अधिकारों, पदोन्नति, वेतन, भत्तों तथा सेवा संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु निरंतर प्रयास करती रहेगी। उन्होंने कर्मचारियों से संगठित रहने तथा मजदूर हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य शिव पाण्डेय ने कहा कि, गत 44 वर्षों से लगातार ए आई डी ई एफ के साथ मिलकर मजदूर संघ का एक एक सिपाही कर्मचारी हित में संघर्षरत है। कार्यक्रम का संचालन कार्यवाहक महामंत्री संजय तिवारी और धन्यवाद कार्यवाहक अध्यक्ष राजेश दुबे ने किया। मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों एवं कर्मचारियों का कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु आभार व्यक्त किया। ...../ ईएमएस / 10 जून 2026