व्यापार
10-Jun-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। देशभर में घरेलू और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 10 जून को कोई बदलाव नहीं आया, लेकिन विभिन्न शहरों में इनकी दरों में भारी अंतर दिख रहा है। इंडियन ऑयल के ताजा आंकड़ों के अनुसार, 14.2 किलोग्राम वाला घरेलू एलपीजी सिलेंडर लेह में 1,179 रुपये में सबसे महंगा मिल रहा है, जबकि मुंबई में यह 941.50 रुपये में सबसे सस्ता उपलब्ध है। इन दोनों शहरों के बीच कीमत का अंतर 237.50 रुपये है। विशेषज्ञों का कहना है कि परिवहन लागत और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण पहाड़ी और दूरदराज के क्षेत्रों में एलपीजी की कीमतें अधिक होती हैं। लेह के अलावा, नॉर्थ त्रिपुरा में 1,119.50 रुपये, गंगटोक में 1,094.50 रुपये, आइजॉल में 1,094 रुपये और वेस्ट इंफाल में 1,093.50 रुपये में मिल रहा है। श्रीनगर में कीमत 1,058 रुपये है। इसके विपरीत, देश के कई प्रमुख शहरों में घरेलू गैस सिलेंडर 1,000 रुपये से कम में मिल रहा है। मुंबई के 941.50 रुपये के बाद, बेंगलुरु में 944.50 रुपये, अहमदाबाद और गुरुग्राम में 949 रुपये, जयपुर में 952.50 रुपये और गोवा में 956 रुपये है। चेन्नई में यह 957.50, देहरादून में 961, कोलकाता में 968 और लखनऊ में 976.50 रुपये में उपलब्ध है। हैदराबाद में भी सिलेंडर 994 रुपये में मिल रहा है। वहीं 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी इसी तरह का भारी अंतर दिख रहा है। लेह में यह 3,752 रुपये में सबसे महंगा है, जबकि मुंबई में 3,067.50 रुपये में उपलब्ध है, जो प्रमुख महानगरों में अपेक्षाकृत सस्ता है। नॉर्थ त्रिपुरा में 3,638 रुपये, गंगटोक में 3,631.50 रुपये और वेस्ट इंफाल में 3,599 रुपये का कमर्शियल सिलेंडर मिल रहा है। एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में यह भिन्नता कई कारकों पर निर्भर करती है, जिनमें परिवहन और लॉजिस्टिक्स लागत, राज्य और स्थानीय कर, भंडारण एवं वितरण खर्च और भौगोलिक स्थिति शामिल हैं। दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों तक सिलेंडर पहुंचाने में अधिक लागत आती है, जिसका भार अंततः उपभोक्ताओं पर पड़ता है। आशीष दुबे / 10 जून 2026