मुंबई (ईएमएस)। सलमान खान की करीबी दोस्त कुमुद राणे का 9 जून को मुंबई में कैंसर के कारण निधन हो गया। उनके निधन पर खान परिवार सहित यूलिया वंतूर ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सोहेल खान, अर्पिता खान शर्मा और यूलिया वंतूर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कुमुद को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। अभिनेता सोहेल खान ने कुमुद को अपनी प्यारी बहन बताकर लिखा कि दुनिया में कोई उनकी जगह नहीं ले सकता। उन्होंने कुमुद के बच्चों जग्गी और कबीर के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कर प्रार्थना की कि वह जहां भी हों, खुश रहें। सलमान की बहन अर्पिता खान शर्मा ने कुमुद के साथ बिताए पलों को याद करते हुए उनके अपनापन, प्यार और मजाकिया अंदाज को सराहा। वहीं, यूलिया वंतूर ने भी कुमुद को हमेशा मुस्कुराती हुई और खुश याद रखने की बात कही। कुमुद के अंतिम संस्कार में सलमान खान, सोहेल खान और अर्पिता खान शर्मा सहित खान परिवार के कई सदस्य शामिल हुए, जहां सभी गमगीन नजर आए। रिपोर्ट्स के अनुसार, कुमुद राणे दुबई में रेन ब्यूटी बार की संस्थापक एक उद्यमी थीं। आशीष दुबे / 10 जून 2026