मुंबई (ईएमएस)। सिंटा (सीआईएनटीएए) की अध्यक्ष और अनुभवी अभिनेत्री पूनम ढिल्लों ने अभिनेता रणवीर सिंह की जमकर तारीफ की है। फिल्म डॉन 3 को लेकर चल रहे विवाद के बीच पूनम ने रणवीर को एक निष्पक्ष इंसान बताते हुए खुलासा किया कि फिल्म छोड़ने के बावजूद रणवीर ने नुकसान की भरपाई की पेशकश की और अपनी साइनिंग राशि भी लौटा दी है। अभिनेत्री ने कहा कि किसी भी एक्टर के लिए ऐसा करना आसान नहीं होता, और उन्होंने अभिनेता की इस ईमानदारी और व्यावसायिक नैतिकता की खूब प्रशंसा की है। सिंटा की अध्यक्ष होने के नाते पूनम ढिल्लों ने रणवीर सिंह को लेकर खुलकर बात की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रणवीर ऐसे इंसान नहीं हैं जो जानबूझकर किसी का नुकसान करें। पूनम ढिल्लों का एक इंटरव्यू हाल ही में काफी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने डॉन 3 से जुड़े विवाद पर चर्चा की है। उन्होंने कहा कि फिल्म छोड़ने का फैसला भले ही रणवीर सिंह ने लिया होगा, लेकिन इसके पीछे जरूर कोई बड़ी और ठोस वजह होगी, क्योंकि वह ऐसे इंसान नहीं जो जानबूझकर किसी को कोई ठेस पहुंचाए या नुकसान पहुंचाए। फ्री प्रेस जर्नल को दिए इस इंटरव्यू में पूनम ढिल्लों ने कहा कि कोई भी इस बारे में पूरी जानकारी नहीं दे सकता कि वास्तव में क्या हुआ है, लेकिन उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि रणवीर और एक्सेल एंटरटेनमेंट के बीच लंबे समय से अच्छे रिश्ते हैं और दोनों ने साथ में कई बार काम किया है। अपनी बात आगे रखते हुए पूनम ढिल्लों ने कहा, अगर वह इस फिल्म में काम करने से परहेज कर रहे हैं, तो जरूर इसमें कोई महत्वपूर्ण वजहें हो सकती हैं। लेकिन इन सब में सबसे अच्छी बात ये है कि वह सारे नुकसान की भरपाई करने की बात कह रहे हैं और उन्होंने साइनिंग अमाउंट भी लौटा दिया है। इंडस्ट्री में सारे एक्टर्स इतना बड़ा फैसला नहीं ले सकते, यह उनके चरित्र और ईमानदारी को दर्शाता है। उन्होंने यह भी बताया कि सिंटा हमेशा अपने सदस्यों के साथ खड़ा रहेगा और उनके हितों की रक्षा करेगा। पूनम ढिल्लों ने आगे कहा कि एफडब्ल्यूआईसीई की तरफ से जारी किया गया नॉन-कोऑपरेशन आदेश सभी को चौंकाने वाला था। उन्होंने कहा कि उस वक्त ऐसा लगा जैसे किसी तीसरे पक्ष ने अचानक आकर लड़ाई छेड़ दी हो, जिससे मामला सुलझाने के बजाय और उलझ गया। लेकिन अब बात मेकर्स और रणवीर सिंह के बीच है, और दोनों पक्ष आपसी बातचीत के बाद कोई समाधान निकालने की कोशिश कर रहे हैं, जो एक सकारात्मक कदम है। बता दें कि डॉन 3 विवाद के बीच रणवीर सिंह के पिता ने पूनम ढिल्लों से संपर्क किया था और इस मामले में सहयोग के लिए एक्ट्रेस का शुक्रिया अदा भी किया था। सुदामा/ईएमएस 11 जून 2026