खेल
11-Jun-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। युवा लेग स्पिनर मानव सुथार अब इंग्लैंड की काउंटी चैम्पियनशिप में वारविकशर टीम की ओर से खेलते दिखेंगे। वारविकशर क्लब ने सुथार को अगले दो काउंटी चैम्पियनशिप मैचों के लिए शामिल किया है। 23 साल के सुधार अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में बेहतरीन प्रदर्शन के बाद सभी की नजरों में आये हैं। उन्होंने पहली पारी में सिर्फ 33 रन देकर छह विकेट जबकि दूसरी पारी में भी 29 रन देकर एक विकेट हासिल किया था। इस प्रभावशाली प्रदर्शन के कारण ही अब उन्हें काउंटी क्रिकेट में अवसर मिला है। सुथार ने इससे पहले घरेलू क्रिकेट में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया था। उनके नाम 29 प्रथम श्रेणी मैचों में 129 विकेट दर्ज हैं, जो उनकी निरंतरता और कौशल का प्रमाण है। यह अनुभव उन्हें काउंटी क्रिकेट के चुनौतीपूर्ण हालातों और अनुभवी बल्लेबाजों के खिलाफ गेंदबाजी करने में निश्चित रूप से मदद करेगा। वारविकशर के साथ उनका यह अल्पकालिक अनुबंध उन्हें काउंटी चैम्पियनशिप के अगले दो मैचों के लिए चयन के लिए उपलब्ध कराएगा। उनका पहला मैच 12 से 15 जून तक यॉर्कशर के खिलाफ स्कारबोरो में खेला जाएगा। वहीं इसके बाद वह अगले सप्ताह टॉनटन में समरसेट के खिलाफ भी खेलते दिखेंगे। यह भारतीय स्पिनर के लिए इंग्लैंड के माहौल में ढलने और अपनी स्किल्स को परखने का एक शानदार अवसर होगा।वारविकशर के प्रदर्शन निदेशक जेम्स थॉमस ने सुथार को शामिल करने पर खुशी जताते हुए कहा, हमें मानव का में स्वागत करते हुए बेहद खुशी हो रही है। यह टीम के लिए वास्तव में रोमांचक समय है। हमने इस सत्र में अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है और हमें विश्वास है कि मानव अपनी विविधतापूर्ण गेंदबाजी से हमारे आक्रमण में एक नया आयाम लाएंगे, जो हमें आगामी मैचों में बढ़त दिला सकता है।वहीं इस नए अवसर से सुथार भी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, मैं काउंटी चैम्पियनशिप के अगले दो मैचों के लिए वारविकशर में शामिल होकर बेहद उत्साहित हूं। टीम ने इस सत्र की शानदार शुरुआत की है और ऐसे में मैं उम्मीद करता हूं कि अपनी तरफ से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करके टीम को खिताब की ओर बढ़ने में अहम योगदान दे पाऊंगा। यह मेरे लिए एक बेहतरीन अनुभव होगा और मैं इस चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार हूं। गिरजा/ईएमएस 11जून 2026