ठाणे, (ईएमएस)। ठाणे पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे की नशामुक्त ठाणे और ड्रग्स पदार्थ तस्कर मुक्त ठाणे मुहिम को बड़ी सफलता मिली है। खबर है कि ठाणे अपराध शाखा के अमली पदार्थ विरोधी पथक (एंटी-नारकोटिक्स सेल) ने कार्रवाई करते हुए 3 करोड़ 3 लाख रुपये मूल्य का चरस और नशीली कैप्सूल जब्त की हैं। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस बात की जानकारी पुलिस उपायुक्त अमरसिंह जाधव ने दी। उन्होंने कहा कि पुलिस को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर एंटी-नारकोटिक्स टीम ने 8 मई को खारेगांव टोल नाका से मुंब्रा की ओर जाने वाले मार्ग पर जाल बिछाया। इस दौरान पुलिस ने फिरोज अब्दुल खान (52) को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 3 किलो 20 ग्राम चरस और 12,984 नशीली कैप्सूल बरामद की गईं। जब्त किए गए मादक पदार्थों की कुल कीमत लगभग 3.03 करोड़ रुपये आंकी गई है। जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी फिरोज अब्दुल खान गुजरात के भरूच जिले के अंकलेश्वर क्षेत्र का निवासी है और वह पहले से ही अमली पदार्थ तस्करी के मामलों में शामिल रहा है। उसे अदालत द्वारा पहले भी दो बार सजा सुनाई जा चुकी है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ एनसीबी हिम्मतनगर (अहमदाबाद), एनसीबी जम्मू तथा कळवा पुलिस स्टेशन में भी मामले दर्ज हैं। सजा पूरी करने के बाद भी वह दोबारा मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय पाया गया। - जांच में सामने आए दो और आरोपी मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया। इस दौरान मामले में शामिल मोहम्मद अशरफ गुलाम अहमद शेदा (42) को 19 मई को गिरफ्तार किया गया। वह जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के बिजबेहेरा क्षेत्र का निवासी है। इसके बाद पुलिस ने शौकत अजीज मीर उर्फ जुबेर को भी गिरफ्तार किया। वह जम्मू-कश्मीर के संवेदनशील कुपवाड़ा जिले के देवर लोलाब क्षेत्र का रहने वाला है। उसे 6 जून को जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने स्थानीय अदालत से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर उसे ठाणे लाया। बाद में अदालत ने उसे 12 जून तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया। - नागरिकों से पुलिस की अपील ठाणे एंटी-नारकोटिक्स सेल ने नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की बिक्री, भंडारण, परिवहन या सेवन करना कानूनन अपराध है। यदि किसी व्यक्ति को ऐसे किसी अवैध कारोबार की जानकारी हो तो वह तुरंत अपराध शाखा के अमली पदार्थ विरोधी पथक को सूचित करे। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। स्वेता/संतोष झा- ११ जून/२०२६/ईएमएस