11-Jun-2026
...


- सोना 1000 से अधिक और चांदी 3000 से ज्यादा लुढ़की नई दिल्ली (ईएमएस)। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने एक बार फिर वैश्विक बाजारों को प्रभावित किया है। इसका सीधा असर सोने और चांदी की वायदा कीमतों पर देखने को मिल रहा है, जहां लगातार सुस्ती बनी हुई है। गुरुवार को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों बाजारों में इन बहुमूल्य धातुओं के भाव गिरावट के साथ खुले और खबर लिखे जाने तक इनमें तेज नरमी दर्ज की गई। भू-राजनीतिक अस्थिरता और सुरक्षित निवेश के प्रति बदलती धारणा ने इन कीमती धातुओं पर दबाव डाला है। वैश्विक भू-राजनीतिक परिस्थितियों में आए बदलाव, विशेषकर अमेरिका और ईरान के बीच नए सिरे उभरे तनाव, ने सोने और चांदी के वायदा भाव को बुरी तरह प्रभावित किया है। गुरुवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने और चांदी के वायदा भाव में भारी गिरावट दर्ज की गई। एमसीएक्स पर सोने का बेंचमार्क अगस्त कॉन्ट्रैक्ट 1,499 की गिरावट के साथ 1,46,518 रुपए के भाव पर खुला, जबकि इसका पिछला बंद भाव 1,48,017 रुपए था। खबर लिखे जाने तक यह कॉन्ट्रैक्ट 1,026 की गिरावट के साथ 1,46,991 पर कारोबार कर रहा था, जो 1,47,051 रुपए के दिन के उच्च स्तर से नीचे है। वहीं चांदी का जुलाई कॉन्ट्रैक्ट 3,834 रुपए की बड़ी गिरावट के साथ 2,31,671 पर खुला। इसका पिछला बंद भाव 2,35,505 रुपए था। खबर लिखे जाने तक यह कॉन्ट्रैक्ट 3,249 की नरमी के साथ 2,32,256 रुपए के भाव पर कारोबार कर रहा था। इस साल सोने ने 1,80,779 और चांदी ने 4,20,048 रुपए के उच्चतम स्तर को छुआ था, जो मौजूदा गिरावट की गंभीरता को दर्शाता है। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोने और चांदी की चमक फीकी पड़ी है। न्यूयॉर्क के कॉमेक्स पर सोना 4,094.40 डॉलर प्रति औंस पर खुला, जो पिछले बंद 4,133.30 डॉलर से कम था। खबर लिखे जाने तक यह 45.10 डॉलर की गिरावट के साथ 4,088.20 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। इसी प्रकार कॉमेक्स पर चांदी के वायदा भाव 63.52 पर खुलने के बाद 1.58 डॉलर की गिरावट के साथ 63.15 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहे थे। विशेषज्ञों का मानना है कि बढ़ते तनाव के बावजूद निवेशक अब सुरक्षित निवेश के अन्य विकल्पों की तलाश कर रहे हैं, जिससे सोने-चांदी पर बिकवाली का दबाव बढ़ा है। सतीश मोरे/11जून ---