राज्य
11-Jun-2026


- कार में आइसक्रीम गिरने पर लिव-इन पार्टनर ने कोहनी से पेट पर वार कर घोंटा था दम - मुख्य आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल किया - बच्ची की मां प्रियंका अब भी फरार, तलाश में जुटी पुलिस बेंगलुरु (ईएमएस)। शहर में मार्च महीने में हुई 6 वर्षीय मासूम पी. वेन्नेला की मौत की गुत्थी को सुलझाते हुए पुलिस ने एक सनसनीखेज खुलासा किया है। मामले के मुख्य आरोपी और बच्ची की मां के लिव-इन पार्टनर मोहन जी.एन. ने पुलिस पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी ने बताया कि कार में आइसक्रीम गिर जाने की वजह से वह गुस्से से आगबबूला हो गया था, जिसके बाद उसने बच्ची के पेट पर कोहनी से जोरदार वार किया और उसके रोने की आवाज दबाने के लिए उसका मुंह भी दबा दिया, जिससे मासूम की जान चली गई। मृतक बच्ची वेन्नेला, दावणगेरे के शिक्षा विशेषज्ञ प्रवीण और अधिवक्ता प्रियंका की बेटी थी। माता-पिता के बीच अलगाव होने के बाद प्रियंका अपने कॉलेज के पुराने दोस्त मोहन के संपर्क में आई थी और दोनों पूर्वी बेंगलुरु के एक आलीशान फ्लैट में लिव-इन में रहने लगे थे। पुलिस ने इस मामले में आरोपी मोहन को 4 जून को गिरफ्तार किया था और वह फिलहाल 10 दिनों की पुलिस रिमांड पर है, जबकि बच्ची की मां प्रियंका अब भी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। जांच के मुताबिक, यह खौफनाक वारदात 24 मार्च की रात को हुई। मोहन, प्रियंका और वेन्नेला इंदिरानगर इलाके में शॉपिंग और घूमने के बाद देर रात अपनी एसयूवी कार से होसकोटे पहुंचे, जहां उन्होंने बिरयानी और आइसक्रीम खाई। लौटते समय बच्ची के हाथ से आइसक्रीम कार की सीट और फुटमैट पर गिर गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि सीट गंदी होने के बाद बच्ची जब दूसरी आइसक्रीम के लिए रोने लगी, तो उसने तैश में आकर उसके पेट पर कोहनी दे मारी और चिल्लाने पर मुंह दबा दिया। पोस्टमार्टम की हिस्टोपैथोलॉजी रिपोर्ट में भी बच्ची के पेट के अंदरूनी अंगों में गंभीर चोट और दम घुटने से मौत होने की पुष्टि हुई है। भौतिक साक्ष्यों के मिलान के लिए पुलिस ने कार को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है। पुलिस जांच में आरोपी मोहन के बारे में यह भी पता चला है कि वह पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। वह जनवरी में अपने परिवार को छोड़कर प्रियंका के साथ रहने लगा था। बच्ची के पिता प्रवीण ने अपनी शिकायत में बताया कि प्रियंका की मुलाकात नवंबर 2025 में अपने पूर्व प्रेमी मोहन से हुई थी, जिसके बाद जनवरी में प्रियंका ने उन पर तलाक के कागजातों पर दस्तखत करने का दबाव बनाया था। इस अवैध संबंध का पता चलने पर मोहन की पत्नी ने दोनों का सार्वजनिक रूप से विरोध भी किया था। वारदात से ठीक पहले 21 से 24 मार्च के बीच मोहन और प्रियंका मदुरै की यात्रा पर भी गए थे, जिसके बाद बेंगलुरु लौटकर उन्होंने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। रामयश/ईएमएस 11 जून 2026