- चार बदमाश कार लेकर हुए फरार - जीपीएस से पुलिस ने बरामद की गाड़ी - पुलिस ने मामला दर्ज कर लगातार कर रही छापेमारी बेंगलुरु (ईएमएस)। इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी इलाके में एक कैब ड्राइवर के लिए नाइट ड्यूटी बेहद खौफनाक अनुभव में बदल गई। चार अज्ञात बदमाशों ने जबरन उसकी कार में घुसकर उसे बंधक बना लिया, उसके मोबाइल फोन लूट लिए और कार लेकर फरार हो गए। हालांकि, कार में लगे जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम की मुस्तैदी से पुलिस ने कुछ ही घंटों में गाड़ी को बरामद कर लिया। किट्टागनहल्ली के रहने वाले पीड़ित कैब चालक एस. मनु ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, यह घटना 1 जून की रात करीब 12:40 बजे इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी स्थित एक कंपनी के गेट के पास हुई। मनु अपनी मारुति स्विफ्ट डिजायर कार से कंपनी के कर्मचारियों को लाने-ले जाने (पिक एंड ड्रॉप) का काम करता है। घटना वाली रात उसने एक महिला कर्मचारी और एक सुरक्षा गार्ड को लेकर अपनी ट्रिप शुरू की थी। महिला कर्मचारी को केआर पुरम ब्रिज के पास सुरक्षित छोड़ने के बाद वह दूसरे कर्मचारियों को लेने के लिए वापस लौट रहा था। लगातार गाड़ी चलाने के कारण रास्ते में नींद आने पर वह कंपनी परिसर के पास ही चाय पीने के लिए रुका। चाय पीने के बाद जब वह सुरक्षा गार्ड के साथ वापस कार में बैठने जा रहा था, तभी अचानक वहां चार युवक पहुंचे। उन्होंने बहुत जरूरी काम होने और लिफ्ट देने का बहाना बनाया और जबरन कार के अंदर घुस गए। इस हड़बड़ी में सुरक्षा गार्ड सड़क पर ही छूट गया और बदमाश कार सहित मनु को ले उड़े। कार के भीतर बैठते ही चारों बदमाशों ने अपने असली तेवर दिखा दिए। उन्होंने मनु को लोहे की रॉड से मारने की धमकी दी और अपनी मर्जी के मुताबिक अलग-अलग इलाकों में गाड़ी दौड़ाने पर मजबूर किया। इस दौरान बदमाशों ने चालक के दो मोबाइल फोन छीन लिए और डरा-धमकाकर उसके डिजिटल पेमेंट ऐप्स के पासवर्ड और पिन नंबर भी उगलवा लिए। बदमाशों ने कार में कैश ढूंढने की भी कोशिश की, लेकिन जब उन्हें कुछ नहीं मिला, तो उन्होंने मार्गोंडनहल्ली इलाके के पास कार रोकने को कहा। कार रुकते ही मौका पाकर मनु बदमाशों के चंगुल से कूदकर भागा और पास के एक अपार्टमेंट के सिक्योरिटी गार्ड से मदद मांगी। इसके बाद उसने तुरंत अपने सुपरवाइजर को फोन कर घटना की जानकारी दी और कार की जीपीएस लोकेशन ट्रैक करने को कहा। जीपीएस ट्रैकिंग से साफ हुआ कि कार बोम्मासंद्रा औद्योगिक क्षेत्र (इंडस्ट्रियल एरिया) की ओर बढ़ रही है। मनु जब अपने एक दोस्त के साथ वहां पहुंचा, तो पाया कि कंपनी के सुपरवाइजर, अन्य कैब चालक और पुलिस टीम पहले से ही मौके पर मुस्तैद थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बदमाशों को जैसे ही यह अहसास हुआ कि गाड़ी लगातार ट्रैक की जा रही है और वे घिरने वाले हैं, वे कार को वहीं सड़क किनारे छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस ने गाड़ी को सुरक्षित जब्त कर लिया है। हालांकि चारों आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जिनकी तलाश के लिए मामला दर्ज कर पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। रामयश/ईएमएस 11 जून 2026