राष्ट्रीय
11-Jun-2026
...


-लगातार तीसरे राज्यसभा सांसद के इस्तीफे से बढ़ी पार्टी की मुश्किलें नई दिल्ली,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के लिए मुश्किलें लगातार बढ़ती दिखाई दे रही हैं। पार्टी के राज्यसभा सांसद प्रकाश चिक बराइक ने गुरुवार को राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उनके इस्तीफे के साथ ही हाल के दिनों में टीएमसी छोड़ने वाले राज्यसभा सांसदों की संख्या तीन हो गई है। इससे पहले वरिष्ठ नेता सुखेंदु शेखर रॉय और सुष्मिता देव भी राज्यसभा तथा पार्टी से इस्तीफा दे चुके हैं। लगातार हो रहे इन इस्तीफों ने संसद के उच्च सदन में टीएमसी की स्थिति को कमजोर कर दिया है। बराइक के इस्तीफे के बाद राज्यसभा में पार्टी के सांसदों की संख्या घटकर 10 रह गई है। प्रकाश चिक बराइक का इस्तीफा ऐसे समय में सामने आया है जब पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन और संगठन के भीतर बढ़ती असहमति को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हाल के दिनों में पार्टी के भीतर बगावत और गुटबाजी की खबरों ने नेतृत्व की चुनौतियां बढ़ा दी हैं। राजनीतिक सूत्रों के अनुसार पार्टी के भीतर असंतोष अभी थमा नहीं है। चर्चाएं हैं कि आने वाले दिनों में कुछ अन्य सांसद भी पार्टी नेतृत्व से दूरी बना सकते हैं। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन लगातार हो रहे इस्तीफों ने राजनीतिक गलियारों में अटकलों का दौर तेज कर दिया है। बुधवार को सुष्मिता देव ने सांसद पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दोनों से इस्तीफा दिया था। वर्ष 2021 में कांग्रेस छोड़कर टीएमसी में शामिल हुईं देव ने अपने इस्तीफे को निजी फैसला बताया और भविष्य की राजनीतिक योजनाओं पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। हिदायत/ईएमएस 11जून26