क्षेत्रीय
11-Jun-2026
...


जांजगीर-चांपा (ईएमएस)। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में उधार दिए गए पैसे वापस मांगना एक युवक के लिए जानलेवा साबित होते-होते रह गया। मामूली रकम के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें आरोपी ने टंगिया से हमला कर युवक का दाहिना कान काट दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम खोंड निवासी रघुनंदन प्रसाद पाण्डेय ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले उन्होंने परिचित शनि केंवट को मकान निर्माण के लिए 10 हजार रुपये उधार दिए थे। लंबे समय तक रकम वापस नहीं मिलने पर जब उन्होंने पैसे लौटाने की मांग की, तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि पैसे लौटाने को लेकर हुई कहासुनी के दौरान आरोपी शनि केंवट ने गुस्से में आकर टंगिया से हमला कर दिया और रघुनंदन प्रसाद पाण्डेय का दाहिना कान काट दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी रहा। वहीं पीड़ित की शिकायत पर अकलतरा पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शनि केंवट को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। - (ईएमएस)11 जून 2026