क्षेत्रीय
11-Jun-2026
...


- बीच बाजार में दो युवकों की पत्थर से हत्या, शहर में दहशत का माहौल नागपुर, (ईएमएस)। नागपुर एक बार फिर गंभीर अपराध की घटनाओं से दहल उठी है। मात्र 24 घंटों के भीतर शहर में तीन हत्या की घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें सबसे सनसनीखेज मामला साक्करदरा इलाके का है, जहां बुधवार रात बीच बाजार में दो युवकों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार साक्करदरा इलाके में देर रात बाजार में दो युवकों पर बड़े पत्थरों से हमला कर उनकी हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि यह विवाद पैसों के लेन-देन को लेकर शुरू हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया। चार आरोपियों ने मिलकर दोनों युवकों के सिर पर पत्थर से हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और भय का माहौल बन गया। इस डबल मर्डर में सोमवारी क्वार्टर निवासी आदित्य ऊर्फ सोनू गजानन भोंडवे और बजरंगनगर निवासी आदित्य राऊलकर की मौत हुई है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें वैभव ऊर्फ दादू डोंगरे, वेदांत ऊर्फ डब्बा अजय डबीर और अभिषेक ऊर्फ तात्या उत्तम राऊत शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी ऋषी पुट्टेवार साक्करदरा इलाके में फलों का व्यवसाय करता है। मृतक युवकों और आरोपी पक्ष के बीच पैसों के लेन-देन और कथित विवाद को लेकर पिछले कुछ दिनों से तनाव चल रहा था। बुधवार दोपहर दोनों पक्षों के बीच पहले भी झगड़ा और मारपीट हुई थी, जो थाने तक पहुंचा था। पुलिस ने उस समय दोनों पक्षों को समझाकर छोड़ दिया था। इसके बाद रात करीब 9 बजे दोनों युवक पैसे की मांग को लेकर ऋषी पुट्टेवार की दुकान पर पहुंचे, जहां फिर से बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और आरोपियों ने दुकान के पास पड़े बड़े पत्थरों से दोनों युवकों पर हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही साक्करदरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए शासकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब आठ घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले की आगे की जांच जारी है। बहरहाल मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के गृहक्षेत्र नागपुर में महज 24 घंटे में तीन हत्याओं ने नागपुर में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। भीड़भाड़ वाले इलाके में खुलेआम हुई इस वारदात से नागरिकों में डर का माहौल है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। - ११ जून/२०२६/ईएमएस