रायपुर(ईएमएस)। राजधानी के गंज थाना पुलिस ने वाहन चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, पहली शिकायत राधेश्याम टंडन ने दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 14 मार्च 2026 को उन्होंने अपनी हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 04 PQ 9729) को झूलेलाल चौक स्थित राजेश इंटरप्राइजेज के सामने खड़ा किया था। कुछ देर बाद लौटने पर वाहन मौके से गायब मिला। इस रिपोर्ट पर थाना गंज में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 77/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। इसी तरह दूसरी शिकायत दीपक यादव द्वारा दर्ज कराई गई थी। उन्होंने बताया कि 26 मई 2026 को उन्होंने अपनी हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 04 NN 6576) को तेलघानी नाका चौक स्थित शराब दुकान के सामने खड़ा किया था। वापस आने पर वाहन चोरी हो चुका था। इस मामले में भी थाना गंज में अपराध क्रमांक 151/26 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। दोनों मामलों में वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना गंज पुलिस टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी पवन बाग को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने दोनों वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर चोरी की दोनों मोटरसाइकिलें भी बरामद कर ली गईं। बरामद वाहनों की कुल कीमत लगभग 80 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिवत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया में भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पवन बाग (28 वर्ष) निवासी बीएसयूपी कॉलोनी, ब्लॉक नंबर 31, मकान नंबर 05, सुयश अस्पताल के पीछे, कोटा थाना सरस्वती नगर, रायपुर के रूप में हुई है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)11 जून 2026