जांजगीर-चांपा (ईएमएस)। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पुटपुरा के पास नेशनल हाईवे-49 पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, कोरबा निवासी अजय कुमार सेन (25 वर्ष) अपने दोस्त निलेश कुमार श्रीवास (28 वर्ष) के साथ नैला में आयोजित छठी कार्यक्रम में शामिल होने जांजगीर-चांपा पहुंचे थे। इसके बाद दोनों बाइक से पुटपुरा क्षेत्र में किसी रिश्तेदार को लेने जा रहे थे। इसी दौरान NH-49 पर तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और बाइक भी दूर जा गिरी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और दोनों घायलों को जिला अस्पताल जांजगीर पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद निलेश कुमार श्रीवास को मृत घोषित कर दिया, जबकि अजय कुमार सेन की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि कार में तीन लोग सवार थे, जिनमें चालक को भी चोटें आई हैं। हादसे की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है। सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले में कार चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 25(1) और 106(1) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है। - (ईएमएस)11 जून 2026