11-Jun-2026
...


रायगढ़ (ईएमएस)। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन क्षेत्र के पास नशे में इस्तेमाल किए जाने वाले गोगो रैपर की अवैध बिक्री करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 1120 नग गोगो रैपर बरामद किए हैं। यह कार्रवाई पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना में बताया गया था कि एक व्यक्ति रेलवे स्टेशन क्षेत्र में संदिग्ध रूप से गोगो रैपर बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है। जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान सुरेन्द्र कुमार छाबड़ा (38 वर्ष), निवासी सिंधी कॉलोनी, पक्की खोली, रायगढ़ के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास रखे दो कार्टनों की जांच की, जिनमें 20 डिब्बों में कुल 1120 गोगो रैपर पाए गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन रैपरों का उपयोग तंबाकू मिश्रित पदार्थ या गांजा भरकर नशे के रूप में किया जाता है, जिसके चलते युवाओं के बीच इनकी मांग तेजी से बढ़ रही है। पुलिस के अनुसार यह एक तरह का नशीले पदार्थों के सेवन में इस्तेमाल होने वाला संदिग्ध माध्यम है, जिसकी अवैध बिक्री पर निगरानी रखी जा रही है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह गोगो रैपर रायपुर जिले के तिल्दा क्षेत्र से लगभग ₹14,500 में खरीदकर लाता था और रायगढ़ शहर के विभिन्न पान ठेलों व दुकानों में चोरी-छिपे इसकी बिक्री करता था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कोतवाली थाना लाया, जहां उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया गया है। साथ ही पूरे नेटवर्क और सप्लाई चैन की जांच भी शुरू कर दी गई है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि “ऑपरेशन आघात” के तहत जिले में नशे के कारोबार, अवैध बिक्री और युवाओं को नशे की ओर धकेलने वाले तत्वों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस ऐसे सभी नेटवर्क पर सख्त नजर रखे हुए है और किसी भी हाल में नशे के अवैध कारोबार को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। - (ईएमएस) 11 जून 2026