11-Jun-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) एसपी ग्रामीण राजेंद्र कुमार वर्मा ने जिले के विभिन्न थाना प्रभारियों एवं विवेचना अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए ई-विवेचना टैबलेट का वितरण किया। इस अवसर पर एसपी ने कहा कि ई-विवेचना प्रणाली पुलिस कार्यप्रणाली को आधुनिक बनाने में मील का पत्थर साबित होगी। इसके माध्यम से घटनास्थल से ही साक्ष्य, दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी डिजिटल रूप से अपलोड की जा सकेगी, जिससे विवेचना में गति आएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे टैबलेट का अधिकतम उपयोग करते हुए सभी विवेचनात्मक कार्यों को समयबद्ध तरीके से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर संपादित करें। इससे प्रकरणों के त्वरित निराकरण के साथ-साथ जांच की गुणवत्ता में भी सुधार होगा। एसपी ने कहा कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से पुलिस और आमजन के बीच विश्वास बढ़ेगा तथा लोगों को अधिक प्रभावी और बेहतर पुलिस सेवाएं मिल सकेंगी। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों को ई-विवेचना टैबलेट सौंपे गए तथा उनके संचालन और उपयोग संबंधी आवश्यक प्रशिक्षण एवं दिशानिर्देश भी दिए गए। आनंद पुरोहित/ 11 जून 2026