11-Jun-2026
...


जशपुर(ईएमएस)। जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय नशीले पदार्थों की तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह झारखंड से छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर तक नशीले इंजेक्शनों की सप्लाई में सक्रिय था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन, वाहन, मोबाइल फोन और नकदी सहित कुल लगभग ₹3.98 लाख की संपत्ति जब्त की है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई दरमियानी रात शुरू हुई, जब सिटी कोतवाली जशपुर की टीम सारूडीह मार्ग पर नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार पुलिस को देखकर तेज रफ्तार में जंगल की ओर भागने लगी। पुलिस ने तुरंत पीछा किया, लेकिन आरोपी वाहन को जंगल किनारे छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हाथीसार (किनकेल) क्षेत्र में पुलिस मितान टीम के साथ सघन घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। काफी प्रयासों के बाद जंगल में छिपे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनमें दीपक लकड़ा (32), निवासी सिंगीटाना, थाना लखनपुर, जिला सरगुजा, अमन सिंह (30), निवासी विशुनपुर, अंबिकापुर और आलोक साय (29), निवासी भगवानपुर चौक, गांधीनगर, अंबिकापुर शामिल हैं। कार की तलाशी के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन मिले, जिनमें Rexogesic (ब्यूप्रेनोर्फिन) और Avil (फेनिरामाइन मैलेट) इंजेक्शन शामिल थे। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त मारुति सेलेरियो कार (CG-15-CS-4605) और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे यह नशीले इंजेक्शन झारखंड के गुमला जिले के तिगरा गांव निवासी मो. शमशेर खान से खरीदकर अंबिकापुर ले जा रहे थे। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने झारखंड में दबिश देकर मुख्य सप्लायर मो. शमशेर खान को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से Avil इंजेक्शन की 750 अतिरिक्त शीशियां, तस्करी से अर्जित ₹5,000 नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि इस पूरे नेटवर्क में अंबिकापुर के सुभाष नगर निवासी अरुण राम (29) भी शामिल था, जो घटना के बाद फरार हो गया था। पुलिस ने उसे भी बाद में गिरफ्तार कर लिया। इस तरह इस अंतरराज्यीय गिरोह के सभी पांच सदस्य पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। पुलिस ने बताया कि कुल बरामदगी में Rexogesic के 865 एमएल और Avil की 1200 शीशियां शामिल हैं। इसके अलावा एक कार, एक मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन और ₹6,500 नकद भी जब्त किए गए हैं। जब्त नशीले पदार्थों की कीमत लगभग ₹81 हजार और कुल संपत्ति की कीमत करीब ₹3.98 लाख आंकी गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)11 जून 2026