11-Jun-2026
...


-नीति आयोग की बैठक में पीएम मोदी बोले- यह समझौते एमएसएमई के लिए बड़ा मौका नई दिल्ली,(ईएमएस)। भारत के कई देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौतों ने विकास और निर्यात के नए अवसर पैदा किए हैं। यह समझौते हमारे सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) के लिए बड़ा मौका हैं। यह बात पीएम मोदी ने गुरुवार को नीति आयोग की बैठक में दी। पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने विकास और निर्यात के नए अवसर पैदा करने के लिए कई देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते किए हैं जो उन्हें अंतरराष्ट्रीय मानकों का पालन करके और अपनी प्रतिस्पर्धा-क्षमता बढ़ाकर वैश्विक बाजारों के लिए तैयार होने में मदद करते हैं। भारत ने बीते एक साल में यूके, यूरोपीय यूनियन, ओमान और न्यूजीलैंड समेत कई देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते किए हैं। साथ ही अमेरिका के साथ मुक्त व्यापार समझौते लिए बातचीत जारी है। नीति आयोग की 11वीं गवर्निंग काउंसिल की बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि महिलाओं के नेतृत्व में विकास विकसित भारत के विजन का एक अहम आधार है। खेती और स्टार्टअप से लेकर विज्ञान और इनोवेशन तक, नारी शक्ति हर क्षेत्र में योगदान दे रही है। राज्यों को महिलाओं की पूरी क्षमता का इस्तेमाल करने और भारत की विकास यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए उनकी शिक्षा, स्किलिंग, सुरक्षा और सशक्तिकरण को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत का जनसांख्यिकीय लाभांश एक ऐतिहासिक अवसर है जिसे हम गंवा नहीं सकते। अच्छी शिक्षा, मांग के अनुरूप कौशल विकास और रोजगार के अवसरों के जरिए अपने युवाओं के लिए सही इकोसिस्टम बनाना हमारी प्राथमिकता हो। सशक्त युवा ही विकसित भारत की ओर हमारी यात्रा की मुख्य ताकत बनेंगे। नीति आयोग की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि पीएम मोदी के टीम इंडिया के विजन के अनुरूप, विकसित भारत के लिए इस साल की थीम 2047 तक विकसित भारत के लिए समावेशी मानव विकास है। यह थीम उम्र, क्षेत्र, लिंग या सामाजिक-आर्थिक पृष्ठभूमि से परे, हर भारतीय की भलाई और विकास पर केंद्रित है। सिराज/ईएमएस 11जून26