सेंसेक्स 150, निफ्टी 53 अंक गिरा मुंबई (ईएमएस)। भारतीय शेयर बाजार गुरुवार को गिरावट पर बंद हुआ। सप्ताह के तीसरे ही कारोबारी दिन बाजार में ये गिरावट दुनिया भर से मिले कमजोर संकेतों के साथ ही बिकवाली हावी रहने से आई है। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव से भी निवेशकों ने बाजार से दूरी बना ली है। अमेरिका द्वारा ईरान पर की गई ताजा सैन्य कार्रवाई के बाद वैश्विक बाजारों में चिंता बनी हुई है। दिन भर के कारोबार के बाद 30 शेयरों वाला बीएसई का बेंचमार्क सेंसेक्स 150.63 अंक टूटकर 73,832.55 पर बंद हुआ। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 53.35 अंक टूटकर 23,161.60 के स्तर पर बंद हुआ। आज के कारोबार में सबसे ज्यादा गिरावट तकनीकी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स क्षेत्र में रही। निफ्टी आईटी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और केमिकल इंडेक्स सबसे ज्यादा गिरे। आईटी कंपनी इन्फोसिस के शेयर सबसे अधिक गिरे। व्यापक बाजार में मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में भी गिरावट रही। निफ्टी मिडकैप और स्मॉलकैप शेयर नीचे आये। हालांकि निफ्टी मीडिया, प्राइवेट बैंक और फार्मा क्षेत्र के शेयरों में बढ़त रही। इससे बाजार की गिरावट पर अंकुश लगा। वहीं इससे पहले आज सुबह बाजार गिरावट के साथ खुले। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने निवेशकों की धारणा को कमजोर कर दिया। सुबह के कारोबार में, प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। शुरुआत में सेंसेक्स 311.08 अंक की गिरावट के साथ 73,672.10 पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी भी 86.20 अंक फिसलकर 23,128.75 के स्तर पर आ गया। बाजार विश्लेषकों का मानना है कि अमेरिका द्वारा ईरान पर नए हमलों और अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के कड़े बयानों ने वैश्विक निवेशकों की चिंताएं बढ़ा दी हैं, जिसका सीधा असर एशियाई बाजारों सहित भारतीय बाजार पर भी पड़ा है। ईएमएस 11जून 2026